जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: शेफाली वर्मा के शानदार टेस्ट पदार्पण से भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज काफी प्रभावित हैं और उन्होंने कहा कि यह युवा खिलाड़ी भविष्य में खेल के तीनों प्रारूपों में टीम की अहम सदस्य होंगी।
सत्रह साल की शेफाली ने इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट की पहली पारी में 96 रन की आक्रामक पारी खेलने के बाद दूसरी पारी में भी 63 रन बनाए। वह पदार्पण टेस्ट की दोनों पारियों में अर्धशतक जड़ने वाली सबसे युवा और कुल चौथी खिलाड़ी बनीं। उन्हें मैन आॅफ द मैच चुना गया।
फॉलोआन खेलते हुए इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट ड्रॉ कराने के बाद मिताली ने कहा कि वह सभी प्रारूपों में भारतीय बल्लेबाजी इकाई के लिए काफी महत्वपूर्ण है। उसने काफी खूबसूरती से इस प्रारूप से सामंजस्य बैठाया। उन्होंने कहा कि उसने टी-20 प्रारूप की तरह पहली गेंद से ही आक्रामक बल्लेबाजी नहीं की।
वह नई गेंद के खिलाफ समझदारी से खेली और टीम में उसका होना शानदार है। यह पूछने पर कि टीम प्रबंधन ने क्यों इंग्लैंड में शेफाली को पदार्पण कराने का फैसला किया, मिताली ने कहा कि उसके पास विविध शॉट हैं और अगर वह लय में आती है तो इस तरह के प्रारूप में बेहद प्रभावी हो सकती है। अगर वह लय में आती है तो काफी तेजी से रन बना सकती है।

