- दिल्ली-सहारनपुर हाईवे जाम कर तहसील में किया प्रदर्शन
जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। सपाइयों ने गुरुवार को बड़ौत तहसील में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। सपाइयों ने प्रधानमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया।
दरअसल, काफी संख्या में सपा कार्यकर्ता अनुज पंवार के नेतृत्व में गुरुवार को सिंचाई विभाग के बंगले पर एकत्रित हुए। यहां से सपा कार्यकर्ता जुलूस के रूप में प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुँचे।
हाइवे को जाम करते हुए कार्यकर्ताओं ने थाली पीटकर प्रदेश को किसान, मजदूर, युवा विरोधी बताया। जाम लगने के बाद कार्यकर्ता जुलूस के रूप में तहसील पहुँचे।
यहां पर कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रदेश सरकार ने युवाओं को बेरोजगारी के कगार पर ला खड़ा किया है। पांच साल की संविदा पर नौकरी देने के फैसले को लेकर हर कोई असमंजस की स्थिति में है, क्योंकि यह नियम हर किसी को बर्बाद कर देगा।
किसानों को उनकी फसलों का ना तो वाजिब दाम मिल पा रहा है, ना ही 14 दिन की घोषणा के अनुसार गन्ना भुगतान मिल पा रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि अब देश की जनता भाजपा के झूठे वायदों से परेशान हो चुकी है और जल्द ही इसका मुहतोड़ जवाब भी सरकार को दिया जाएगा।

