- यूनियन के जिलाध्यक्ष ब्रजपाल सिंह के आवास पर हुई किसानों की बैठक
- बैठक के बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर उन्हें अन्याय से मुक्ति दिलाने की मांग की
जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: नगर के कोताना रोड स्थित थांबा चौधरी व किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष ब्रजपाल सिंह के आवास पर हुई बैठक में किसानों ने कहा कि केन्द्र सरकार एक ओर किसानों की आय दोगुणा करने की घोषणा करती है। दूसरी ओर किसानों का शोषण कर रही है। यह किसानों के साथ खुला अन्याय है।
बागपत जिले की बात करें तो यहां के नलकूप उपभोक्ताओं से साढ़े बारह हार्स पावर के बिल वसूले जा रहे हैं। जबकि प्रदेश के दूसरे जिलों में पांच व सात हार्स पावर के बिल लिए जा रहे हैं। वहीं दूसरे प्रदेशों में किसानों की नलकूप के बिल 25 रुपये प्रति हार्स पावर हैं। जबकि प्रदेश में 195 रुपये हार्स पावर के दाम लिए जा रहे हैं। तीन साल में 70 प्रतिशत बिजली महंगी कर दी गई।
गन्ने के भाव में एक पैसा भी नहीं बढ़ाया गया। इस तरह से किस प्रकार किसानों की आय दोगुणा की जाएगी। खाद, पानी बिजली, कीटनाशकों के दाम आसमान छू रहे हैं। फसलों के दाम वहीं के वहीं हैं। वक्ताओं ने कहा कि गन्ने का भुगतान अभी तक नहीं दिया गया। जबकि नियमानुसार 14 दिन के अंदर भुगतान दिया जाना चाहिए।
किसानों का शोषण किया जा रहा है। वहीं बैठक में केन्द्र सरकार द्वारा तीन कृषि के संबंध में विधेयक संसद में रख दिए। अब उन्हें कानून बनाने की तैयारी है। किसानों को बर्बाद करने में केन्द्र सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है। बैठक में किसानों ने राष्ट्रपति से किसानों पर रहम कराने की मांग की।
इस मौके पर ब्रजपाल सिंह, बलजोर सिंह आर्य, विक्रम सिंह आर्य, वीरेन्द्र सिंह, चंद्रपाल सिंह, देवेन्द्र सिंह दांगी, पुष्पेन्द्र सिंह, देवेन्द्र सिंह, ब्रह्मपाल सिंह,विक्रम सिंह, हरिभजन शर्मा आदि मौजूद थे।