- श्री जैन कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने किया जागरूक
- सामूहिक संकल्प की श्रृंखला में डीएम ने दिलाई 10वीं शपथ
जनवाणी संवाददाता |
शामली: शहर के हनुमान धाम मंदिर के प्रांगण में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत श्री जैन कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने प्रधानाचार्या एवं शिक्षिकाओं के कुशल निर्देशन में स्वयं निर्मित तिरंगे रंग की कैप के साथ तिरंगी छटा बिखेरते हुए मतदाता जागरूकता अभियान में मानव श्रृंखला बनाई। कार्यक्रम में लगभग 500 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी जसजीत कौर ने छात्राओं द्वारा 100% मतदान, वोट फॉर इंडिया तथा भारत निर्वाचन आयोग के मानव श्रृंखला प्रतीक चिन्ह की सराहना करते हुए कहा कि श्री जैन कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा स्वीप के अंतर्गत किये जा रहे कार्यक्रम समाज के लिए सार्थक संदेश हैं।
जिनके सकारात्मक परिणाम तब प्राप्त होंगे जब 01 जनवरी 2022 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अधिक से अधिक नए और युवा मतदाता अपने नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं।

युवाओं से वैक्सीन लगवाकर कोविड अनुरूप व्यवहार अपनाकर खुद को भी और अपने समुदाय को भी कोरोना के नए वेरियंट् ओमिक्रोन से बचाव का आह्वान किया।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अपने स्वागत उद्बोधन में श्री जैन कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डा. रुचिता ढाका ने जिलाधिकारी जसजीत कौर,मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह, प्रबंधक वीरेंद्र जैन, तहसील शामली स्वीप सहकोर्डिनेटर डा. अमित मलिक का अभिनंदन किया। संचालन स्वीप कोर्डिनेटर डा. अजय बाबू शर्मा ने किया।
उन्होंने बताया कि जनपद शामली के स्वीप कार्यक्रमों की श्रृंखला में जिलाधिकारी द्वारा सामूहिक शपथ श्रृंखला की यह 10 वीं शपथ है। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्र गान के साथ हुआ। इस अवसर समस्त अधिकारी सहित, विद्यालय का स्टाफ व छात्राएं मौजूद रहे।

