-
जड़ा अर्धशतक, दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई को 44 रन से हराया
दुबई, भाषा: युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी सॉव के आकर्षक अर्धशतक और कैगिसो रबाडा की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से दिल्ली कैपिटल्स ने शुक्रवार को यहां चेन्नई सुपरकिंग्स को 44 रन से करारी शिकस्त देकर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद तीन विकेट पर 175 रन बनाए और इसके बाद चेन्नई को सात विकेट पर 131 रन पर रोक दिया। सॉव (43 गेंदों पर 64, नौ चौके एक छक्का) और शिखर धवन (27 गेंदों पर 35, तीन चौके, एक छक्का) ने पहले विकेट के लिए 94 रन जोड़कर दिल्ली को अच्छी शुरुआत दिलाई। ऋषभ पंत (25 गेंदों पर नाबाद 37) और कप्तान श्रेयस अय्यर (22 गेंदों पर 26) ने भी तीसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी निभाई। चेन्नई के बल्लेबाज लगातार दूसरे मैच में नहीं चल पाए। उसकी तरफ से फाफ डुप्लेसिस ने दो जीवनदान मिलने के बाद सर्वाधिक 43 रन बनाए। चेन्नई की यह लगातार दूसरी हार है। दिल्ली के लिए रबाडा (26 रन देकर तीन) और एनरिच नोर्जे (21 रन देकर दो) सफल गेंदबाज गेंदबाज रहे। उसके दोनों स्पिनरों अक्षर पटेल (18 रन देकर एक विकेट) और अमित मिश्रा (चार ओवर में 23 रन) ने कसी हुई गेंदबाजी की और चोटिल रविचंद्रन अश्विन की कमी नहीं खलने दी। चेन्नई के दोनों सलामी बल्लेबाज शेन वाटसन (14) और मुरली विजय (10) फिर से नहीं चल पाए। पावरप्ले की समाप्ति पर स्कोर था दो विकेट पर 34 रन। इसके बाद भी स्थिति नहीं बदली क्योंकि दोनों स्पिनरों पटेल और मिश्रा ने बल्लेबाजों को खुलकर नहीं खेलने दिया। दस ओवर के बाद स्कोर तीन विकेट पर 47 रन था और रुतुराज गायकवाड़ (05) भी रन आउट होकर पवेलियन में विराजमान थे। पावरप्ले के बाद अगले पांच ओवर तक गेंद सीमा रेखा तक नहीं गई। डुप्लेसिस ने शिमरोन हेटमायर से मिले जीवनदान के बाद केदार जाधव (21 गेंदों पर 26) के साथ 54 रन की साझेदारी की लेकिन जरूरी रन और गेंदों के बीच अंतर बढ़ता रहा। जाधव के आउट होने के बाद महेंद्र सिंह धौनी छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। तब टीम को 26 गेंदों पर 78 रन चाहिए थे। धौनी 12 गेंदों पर 15 रन बनाकर जबकि रविंद्र जडेजा 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

