जनवाणी ब्यूरो ।
नई दिल्ली: आलिया भट्ट की मच अवेटेड फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। कोरोना वायरस लॉकडाउन के चलते संजय लीला भंसाली की ये फिल्म सही समय पर पूरी नहीं हो पा रही थी। इसके बाद लगातार फिल्म की रिलीज डेट बदली जा रही थी लेकिन अब फैन्स का इंतजार खत्म हो चुका है। गंगूबाई काठियावाड़ी के सवा 3 मिनट के इस ट्रेलर में सारा मसाला देखने को मिल रहा है। फिल्म के ट्रेलर को देखने के बाद आप कहेंगे कि वाकई में इंतजार का फल मीठा होता है। फिल्म में आलिया भट्ट ने मुंबई के रेड लाइट एरिया कमाठीपुरा की पॉवरफुल लेडी गंगूबाई की भूमिका अदा की है। आलिया भट्ट की इस फिल्म में अजय देवगन अहम रोल में नजर आने वाले हैं।
कौन थी गंगूबाई काठियावाड़ी?
गुजरात की गंगूबाई काठियावाड़ी वकीलों के परिवार से ताल्लुक रखती थी। कच्ची उम्र में ही वो एक लड़के के साथ भागकर मुंबई आ गई थी। मुंबई आने के बाद गंगू को सिर्फ धोखा ही मिला था। मुंबई के कमाठीपुरा में गंगूबाई की निगरानी में कई कोठे चला करते थे। देखते ही देखते वह गंगूबाई कोठेवाली के नाम से मशहूर हो गई और लोगों के बीच अपनी धाक भी जमा ली। अंडरवर्ल्ड और राजनीति की दुनिया में भी गंगूबाई काठियावाड़ी का दबदबा देखा गया था।

