- बारिश से और बढ़ी ठंड कोहरे की दस्तक जारी
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में बारिश से ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। वहीं, बृहस्पतिवार रात को तेज बारिश व शुक्रवार सुबह को हल्की बूंदाबांदी हुई। दो दिन शीतलहर चलने की संभावना है। पिछले दो दिन से बारिश हो रही है। बारिश होने के कारण फिर से मौसम बिगड़ने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

दिन का तापमान एक डिग्री लुढ़कर 13 डिग्री पर पहुंच गया। दिनभर ठंड से लोग ठिठुरते नजर आए। धूप न निकलने से लोग अलाव के सामने बैठे नजर आए। बृहस्पतिवार देर रात तेज बारिश के बाद शुक्रवार को भी हल्की बूंदाबांदी हुई और दिन भर आसमाान में बादल छाए रहे।

मौसम विशेषज्ञ डा. एन सुभाष का कहना है कि अगले पांच दिन तक मौसम शुष्क बना रहेगा। आज से कोहरा व दो दिन तक शीतलहर चलने की संभावना है। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

