- सैनी, राधना, नयागांव और इंचौली में सपा प्रत्याशी की सभा में भारी भीड़ जुटी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: किठौर विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी शाहिद मंजूर शनिवार को दलित समाज का समर्थन मिलने पर गदगद हो गए। क्षेत्र के कई गांव में दलित मतदाताओं ने उनका भव्य स्वागत कर चुनाव में पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है। प्रचार के दौरान मवाना रोड स्थित सैनी, नया गांव और इंचौली में हरवर्ग के लोगों द्वारा उनका कई जगहों पर माला पहनाकर स्वागत किया गया।
सपा प्रत्याशी शाहिद मंजूर ने कहा कि वह किसी के मान-सम्मान और क्षेत्र के विकास कार्यों में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगे। उन्होंने कभी जाति-धर्म की राजनीति नहीं की है। भाजपा समाज को जाति-धर्म में बांटकर चुनाव को जीतना चाहती है। उनके गलत मंसूबों को क्षेत्र और प्रदेश का मतदाता पूरा नहीं होने देगा। उन्होंने कहा देश की सम्पत्ति को मोदी सरकार बेचकर गरीबी की ओर धकेल रही है।
प्रदेश में योगी सरकार ने जनहित के काम करने के बजाए लोगों में नफरत फैलाकर बांटने का काम किया है, मगर इस बार चुनाव में जनता ने तय कर लिया है कि वह बांटने वालों को नहीं बल्कि समाज में समरसता लाने वालों को चुनेगी। इससे पूर्व विधानसभा क्षेत्र के गांव इनायतपुर राधना और इन्द्रपुरा में सपा प्रत्याशी शाहिद मंजूर को समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया।
गांव में रोड़ शो के दौरान उनको जगह-जगह रोककर सर्वसमाज के लोगों द्वारा समर्थन देने की घोषणा की गई। दलित बाहुल नयागांव व सैनी में दलित समाज ने शाहिद मंजूर को कई जगह स्वागत कर चुनाव में पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है।

