- आधा दर्जन वाहन भी शामिल, सीओ की अगुवाई में हुई कार्यवाही
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: संगठित गिरोह बना कर आर्थिक अपराध के जरिए अकूत संपत्ति हासिल करने के आरोप में फलावदा पुलिस ने हाजी परवेज की सवा करोड़ की संपत्ति सीज कर दी। पुलिस ने मकानों में अपने ताले डालकर बोर्ड लगा दिए है। हाजी परवेज का गंगानगर में स्थित 28 लाख का एक मकान भी पुलिस जल्द सीज करने के मूड में है। भारी पुलिस बल के साथ की गई इस कार्यवाही से गांव में हड़कंप सा मच गया।

सीओ मवाना उदय प्रताप सिंह ने बताया कि फलावदा थानांतर्गत गांव सनौता के हिस्ट्रीशीटर हाजी परवेज व उसके भाई शुएब सहित तीन लोगों के खिलाफ थाना बहसूमा में गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मुकदमे में वांछित सभी आरोपी जेल में बंद है। पुलिस ने आरोपियों पर नए सिरे से शिकंजा कसने के लिए गैंगस्टर की धारा 14 ए के तहत हाजी परवेज व उसके साथियों के नाम पर संपत्ति का पता लगा कर उसे सीज कर दिया गया।
डीएम की संस्तुति के बाद रविवार को भारी पुलिस फोर्स के साथ गांव में यह कार्रवाई की गई है। फलावदा थाना प्रभारी वरुण शर्मा ने बताया कि रविवार को गांव में स्थित परवेज के तीन मकान कुर्क किए गए हैं। इसके अलावा उसकी कैंटर, फॉर्च्यूनर क्रेटा सहित करीब आधा दर्जन वाहन भी सीज किए गए हैं।

पुलिस द्वारा कुर्क की गई संपत्ति की कीमत सवा करोड़ रुपए बताई गई है। इसके अलावा प्रवेज का गंगानगर में स्थित 28 लाख रुपए की कीमत का एक मकान भी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक यह मकान वर्ष 2015 में खरीदा गया था। सनौता में पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से हड़कंप सा मच गया है।
सनौता में संपत्ति कुर्क करने के बाद ऐलान करते सीओ उदय प्रताप सिंह।


