जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सुल्तानपुर के बहुचर्चित अधिवक्ता आज़ाद अहमद हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश सिराज अहमद को सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र में मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। सिराज लंबे समय से फरार चल रहा था और विभिन्न जिलों में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था।
सरेराह हुई थी अधिवक्ता की हत्या
बताते चलें कि 8 अगस्त 2023 को सुल्तानपुर के दीवानी न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता आज़ाद अहमद की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे जिले को दहला दिया था। पुलिस जांच में हत्या का मुख्य आरोपी सिराज अहमद सामने आया था। घटना के बाद से ही वह फरार था और लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा।
एक लाख का इनाम और एसटीएफ की तलाश
एसटीएफ के अनुसार, अधिवक्ता हत्या के मामले में वांछित होने पर सिराज अहमद पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश एसटीएफ को विशेष रूप से तैनात किया गया था। कई जिलों में लगातार दबिश और निगरानी के बावजूद सिराज पुलिस की पकड़ से बाहर था।
सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि सिराज गंगोह क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर एसटीएफ ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख सिराज ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सिराज का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सिराज अहमद शातिर अपराधी था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट, अवैध हथियार रखने समेत करीब 30 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। सिराज का आपराधिक नेटवर्क सिर्फ सुल्तानपुर तक सीमित नहीं था, बल्कि अन्य जिलों में भी वह सक्रिय था।मुठभेड़ स्थल से एसटीएफ ने सिराज के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।

