जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: देवबंद थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोकशी की कोशिश कर रहे आरोपी शकील पुत्र यामीन कुरैशी निवासी पठानपुरा को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। क्षेत्राधिकारी देवबंद अमित सिंह ने बताया कि 19 अगस्त की रात पुलिस टीम देवबंद-बरला मार्ग पर गश्त कर रही थी। सांपलाखत्री गांव के जंगल में दो लोगों के बछड़े की गोकशी की तैयारी करने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखकर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में शकील के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस, जिंदा गोवंश, मोटरसाइकिल और गोकशी के उपकरण बरामद किए गए।
सीओ ने बताया कि शकील के खिलाफ विभिन्न थानों में गोवध अधिनियम, पुलिस मुठभेड़, आबकारी अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के करीब आठ मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश में कांबिंग जारी है।

