जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना: मेरठ-करनाल हाईवे पर बिडौली गुरुद्वारे के सामने बुधवार की देर रात एक ट्रक डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी ट्रक के अंदर ही जलने से मौत हो गई।
करनाल निवासी बिंदर(45) ट्रक में मुजफ्फरनगर से चावल लादकर करनाल जा रहा था। बुधवार की देर रात जैसे ही वह मेरठ-करनाल हाईवे पर बिडौली गुरुद्वारे के सामने पहुंचा, अचानक ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। ट्रक अनियंत्रित होकर दूसरी तरफ जाकर पलट गया। बताया गया कि हादसे के बाद निकली चिंगारी से ट्रक में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन उसका एक हाथ ट्रक के नीचे दबा होने के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। आग की तीव्रता बढ़ने के चलते चालक की ट्रक के अंदर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना ने बताया बिडौली हादसे में ट्रक में आग लगने से चालक की जलकर मौत हो गई। परिजनों को मामले की सूचना दी आगे की कार्रवाई की जा रही हैं।

