- काबड़ौत के जंगल में नग्नावस्था में मिला महिला का शव, गांव के ही युवक के पास मजदूरी का चारा लेने गई थी महिला
- पुलिस ने दुष्कर्म-हत्या की घटना में नामजद दो आरोपी पकड़े
जनवाणी संवाददाता |
शामली: क्षेत्र के गांव काबड़ौत के जंगल में महिला नग्न हालात में शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के साथ गैंगरेप कर हत्या मामला सामने है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने पुलिस बल और डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम के साथ जांच पड़ताल की। परिजनों व ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर हंगामा भी किया। पुलिस अधिकारियों ने काफी समझाते हुए उन्हें शांत किया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस घटना में पुलिस ने नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शामली जनपद में 12 घंटे में हत्या की दूसरी घटना से पुलिस में हड़कंप मचा है। जलालपुर में युवक की गोली मारकर हत्या के बाद अगले दिन सुबह काबड़ौत में महिला का नग्नावस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गई। शामली कोतवाली क्षेत्र के गांव काबड़ौत निवासी महिला गीता पत्नी विनोद अपनी देवरानी संतलेश पत्नी त्रिलोकी के साथ शुक्रवार की दोपहर में करीब ढाई बजे गांव के ही शांतुल पुत्र सुंदरपाल के घर पर अपनी मजदूरी का चारा लेने गई थी। संतलेश तो चारा लेकर घर लौट आई थी लेकिन गीता शाम तक भी वापस नहीं लौटी। परिजनों ने गीता की तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। उन्होंने शांतुल के घर पहुंचकर भी जानकारी की लेकिन उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया था। देर शाम को महिला गीता (50) के पति विनोद पुत्र छोटा ने अपने परिजनों के साथ शामली कोतवाली पहुंचकर के लापता होने और तलाशने की मांग की। वहीं गांव के ही शांतुल पुत्र सुंदरपाल, सोनू पुत्र सुबोध, रवि पुत्र सतेंद्र और नीटू पुत्र रूपचंद के खिलाफ तहरीर दी थी।
शनिवार की सुबह को जब ग्रामीण खेतों में पहुंचे तो जंगल में लहरी चौधरी के ईख के खेत में महिला का नग्न शव देकर उनमें हड़कंप मच गया। महिला की शिनाख्त गीता के रूप में हुई। जिसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव देखकर उनमें कोहराम मच गया। वहीं महिला का नग्न शव मिलने की घटना की सूचना से पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक, एएसपी ओपी सिंह, सीओ बिजेंद्र भड़ाना, कोतवाली प्रभारी दीपक चतुर्वेदी, डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा जांच पड़ताल की। शव देखने से लग रहा था कि महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है।
उधर, गुस्साए परिजनों ने गांव के ही आरोपियों पर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें किसी तरह समझाकर शांत करते हुए शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

