- एसडीएम के नेतृत्व में प्रदूषण, पशुपालन, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने की जांच
- मीट फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: शनिवार को एसडीएम कैराना शिव प्रकाश यादव व सीओ अमरदीप मौर्य के नेतृत्व में अंतरविभागीय टीम जिसमें क्षेत्रीय प्रदूषण बोर्ड, मुजफ्फरनगर से सहायक अभियंता पर्यावरण विपुल कुमार, जिला अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. यशवंत सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार नगर के मीम एग्रो फूड प्राइवेट लिमिटेड में पहुंचे। यहां पर अधिकारियों ने पानी की सप्लाई व प्लांट से बाहर जाने वाले पानी की व्यवस्था देखी। साथ ही, पशुओं के खून और अवशेष के निस्तारण की जानकारी ली। टीम ने प्रतिदिन प्लांट में कटान होने वाले पशुओं की संख्या व उनके स्वास्थ्य के बारे में भी जांच की।
साथ ही, हड्डियों के गलाने, साफ-सफाई, आग से बचाव के उपकरण आदि की जांच की। टीम ने पशुओं के अवशेष निस्तारण की व्यवस्था भी परखी। टीम ने पशुओं के फैक्ट्री के अंदर आने वाले मार्ग के सीसीटीवी कैमरे खंगाले कि कहीं कम उम्र के पशु तो कटान के लिए नहीं लाए जा रहे हैं। इसके अलावा पशुओं की एंट्री के रजिस्टर आदि की जांच की। टीम ने फैक्ट्री संचालक से एनओसी के अलावा अन्य कागज भी दिखाने को कहा। इसके बाद टीम वापस लौट गई।
एसडीएम शिव प्रकाश यादव ने बताया कि मीम एग्रो फूड प्राइवेट लिमिटेड का अंतरविभागीय टीम ने निरीक्षण किया है। टीम ने विभिन्न पैरामीटर्स पर जांच की। जांच से संबंधित कुछ दस्तावेज मांगे गए हैं। अगर कंपनी निर्धारित पैरामीटर्स में सही नहीं पाई जाती है तो संचालक के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

