नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। 5 मई को न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूज़ियम ऑफ आर्ट में आयोजित होने वाले मेट गाला का हर साल फैशन की दुनिया में खास महत्व होता है। यह रात फैशन, कला और संस्कृति के मिलन का प्रतीक बन चुकी है। इस बार भी मेट गाला की महफिल सजने वाली है और इसमें दुनिया भर की मशहूर हस्तियां और डिजाइनर अपनी अनोखी और शानदार पोशाकों के साथ नजर आएंगे।
कब हुई मेट गाला की शुरूआत?
सबसे पहले जिनको नहीं पता उन्हें ये बता दें कि मेट गाला है क्या और इसकी शुरूआत कब से हुई। मेट गाला एक चैरिटी इवेंट है, जो हर साल न्यूयॉर्क के मेट्रोपोलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट्स के कॉस्ट्यूम इंस्टीट्यूट में आयोजित किया जाता है। इस कार्यक्रम की शुरुआत साल 1948 में सोसाइटी मिडनाइट डिनर के रूप में हुई थी। इस फैशन शो में देश-विदेश के सितारे एक से बढ़कर एक आउटफिट पहनकर शिरकत करते हैं। अब मेट गाला की गिनती दुनिया के सबसे चर्चित समारोह में होती है।
कया है मेट गाला 2025 की थीम?
इस बार मेट गाला 2025 की थीम ‘सुपरफाइन: टेलरिंग ब्लैक स्टाइल’ है, जो फैशन के जरिए ब्लैक आइडेंटिटी की अहमियत को दिखाएगा। जबकि इस बार ड्रेस कोड ‘टेलर्ड फॉर यू’ रखा गया है, जिसमें मेन्स वियर और सूटिंग पर ध्यान दिया जाएगा। इस बार की थीम मोनिका एल. मिलर की 2009 की किताब ‘स्लेव्स टू फैशन: ब्लैक डैंडीज्म एंड द स्टाइलिंग ऑफ ब्लैक डायस्पोरिक आइडेंटिटी’ से प्रेरित है।
कौन करेंगा मेट गाला की अध्यक्षता
मेट गाला का आयोजन और इसकी अध्यक्षता वोग मैगजीन की एडिटर-इन-चीफ अन्ना विंटोर साल 1995 से कर रही हैं। आमतौर पर इसका आयोजन हर साल मई के पहले सोमवार को किया जाता है। इस बार भी इसका आयोजन इसी दिन पर किया जा रहा है। वहीं मेट गाला की थीम का चयन भी एना विंटोर ही करती हैं। साथ ही मेहमानों का चयन भी एना विंटोर और उनकी टीम करती है।
बास्केटबॉल के दिग्गज लेब्रोन जेम्स करेंगे अध्यक्षता
मेट गाला 2025 की सह-अध्यक्षता अलग-अलग सेलिब्रिटी द्वारा की जाएगी। इनमें अमेरिकी अभिनेता कोलमैन डोमिंगो, ब्रिटिश फॉर्मूला 1 स्टार लुईस हैमिल्टन, रैपर एएसएपी रॉकी, गायक फैरेल विलियम्स और वोग की प्रधान संपादक एना विंटोर के नाम शामिल हैं। जबकि बास्केटबॉल के दिग्गज लेब्रोन जेम्स इस बार मेट गाला के अध्यक्ष के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इन दिग्गज हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद
मेट गाला में सबकी नजरें टिकी होती हैं इसकी गेस्ट लिस्ट पर। हर कोई ये जानना चाहता है कि मेट गाला में कौन-कौन गेस्ट शामिल होंगे। इस बार की भी लिस्ट जो सामने आ रही है, उसमें दुनियाभर की कई दिग्गज हस्तियां शामिल हैं। अब तक सामने आ रही रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार रेड कार्पेट पर जो हस्तियां शामिल होंगी, उनमें जॉय किंग, मिरांडा केर, क्लो सेविग्नी, क्लैरो और एम्मा चेम्बरलेन के नाम शामिल हैं।
इसके अलावा हॉलीवुड से निकोल किडमैन और जो सलदाना, मोनिका बारबरो, डैमसन इदरीस और मैल्कम वाशिंगटन के भी मेट गाला 2025 में शिरकत करने की उम्मीद है। साथ ही टर्नर-स्मिथ, जैनिक्जा ब्रावो और मॉडल उगबाद अब्दी भी रेड कार्पेट पर अपना जलवा बिखेरती नजर आएंगी। इस बार मेट गाला में पॉप स्टार सबरीना कारपेंटर, जेंडाया, हंटर शेफर, सूकी वॉटरहाउस, हेनरी गोल्डिंग, जेडन स्मिथ और जो बुरो के भी शिरकत करने की उम्मीद है। जबकि नताशा लियोन कथित तौर पर वोग की अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
ये सितारे करेंगे मेट गाला में डेब्यू !
बॉलीवुड से कौन-कौन हस्तियां इस बार मेट गाला के रेड कार्पेट पर अपने फैशन का जलवा बिखेरती नजर आएंगी। इस बार बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान के मेट गाला में अपना डेब्यू करने की चर्चाएं जोरो पर हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख खान सब्यसाची के डिजाइनर कपड़ों में मेट गाला में अपना डेब्यू करने वाले हैं। इसके अलावा बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी और दिलजीत दिसांझ इस इवेंट में डेब्यू करने जा रहे हैं, जिसकी जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर दी है।
2017 से शामिल हुईं भारतीय हस्तियां
साल 1948 से शुरू हुए मेट गाला में भारतीय सेलिब्रिटीज को पहुंचने में काफी वक्त लगा है। कई विश्व प्रसिद्ध स्टार्स देने के बावजूद मेट गाला में इंडियन सेलिब्रिटीज को शामिल होने का मौका साल 2017 से मिला है। साल 2017 में भारत की ओर से पहली बार प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण ने इस इवेंट में अपना डेब्यू किया था। इसके बाद साल 2023 में आलिया भट्ट ने इस शो में डेब्यू किया था। अब 2025 में कियारा आडवाणी डेब्यू करने की चर्चाएं जोरो पर हैं।

