- हल्की बारिश से लोगों को मिली भीषण गर्मी से राहत
वरिष्ठ संवाददाता |
सहारनपुर: पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से जनपदवासियों को बुधवार दोपहर बाद राहत मिली। आसमान में बादल छा गए। पहले चली तेज आंधी से जहां जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया तो उसके बाद हुई बारिश से लोगों ने राहत की सांस की। हल्की बारिश महानगर से लेकर देहात क्षेत्रों में भी दर्ज की गई। मौसम विभाग की माने तो आने वाले एक दो दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत की संभावना है। बुधवार को जनपद का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
बुधवार दोपहर बाद मौसम ने एकाएक करवट बदली। आसमान में बादल छाने लगे। कुछ देर आंधी चली। आंधी के बाद हुई बारिश से जहां लोगों को राहत मिली तो वहीं जानवरों ने गर्मी से निजात पाई। तेज हवाओं के कारण जहां बिजली की लाइन में फाल्ट आ गए जिसके चलते कई इलाकों के लोगों को बिना बिजली के ही गुजारा करना पड़ा। विद्युत कर्मी फाल्ट को ढुंढकर उन्हें ठीक करते नजर आए। बता दें कि पिछले कई दिनों से लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। आलम यह था कि अधिकतम व न्यूनतम तापमान में अतंर कम रहने से लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही थी। गर्मी से ना सिर्फ आम जन बल्कि जीव जंतू भी हलकान थे।
हालांकि बारिश से जहां एक ओर मौसम सुहाना हो गया तो वहीं तेज हवाओं ने आम बाग के मालिकों के माथे पर चिंता की लकीरे खींच दी है। इस समय आम के पेड़ों पर आया फल टुट कर नीचे गिर गया। साथ ही गेंहू की फसल की भी कटाई चल रही है। किसानों का गेंहू अभी भी कट कर खेतों में ही पड़ा है।
किसान अनवर, बिजेंद्र, रमेश, सुरेश, नवीन कश्यप ने बताया कि आम व गेहू को नुकसान के अलावा अन्य फसलों को बारिश से राहत मिलेगी। उन्होने बताया कि बारिश से जमीन नम होगी जिससे नई फसल को बोने के लिए जमीन तैयार करने में मदद मिलेगी। इस बार किसानों ने भारी मात्रा में साठा धान लगाया है बारिश से उसे फायदा होगा। गरज के साथ आई बारिश से गर्मी झेल रहे लोगों को जहां राहत मिली है वहीं निचले क्षेत्रों में पानी जमा होना आरंभ हो गया।

