जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: संसद से पास तीन कृषि विधेयक बिल का किसान लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में आज भारतीय किसान यूनियन(लोक शक्ति) ने राष्ट्रीय आवाहन पर जनपद बिजनौर की सभी तहसीलों पर राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन दिया गया।
भाकियू(लोक शक्ति) के जिलाध्यक्ष वीर सिंह सहरावत के निर्देशन में किसान जिला मुख्यालय पर इकट्ठे हुए तथा उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन देते हुए कहा की संसद से पास यह तीनों बिल किसानों के लिए काला कानून साबित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को एमएसपी से कम रेट पर खरीदने वाले व्यापारी को मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने का प्रावधान किया जाए। आवश्यक वस्तुओं का भंडारण करने वालों पर मुकदमा दर्ज हो।
किसानों की फसलों का मूल्य 15 दिन में दिलवाया जाए। किसानों का सरकार की तरफ से दस लाख का बीमा कराया जाए। पिछले सत्र का गन्ना बकाया जल्द ही दिलवाया जाए। किसानों का बैंक का कर्ज माफ किया जाए। ज्ञापन देने वालों में चौधरी पदम सिंह, गजराज सिंह, जग्गन, डालचंद, रामकुमार, विजय पहलवान, अमरीश कुमार आदि किसान मौजूद रहे।

