जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के तत्वावधान में किसानों ने विजनौर मार्ग स्थित फादरसन स्कूल के सामने सड़क पर जाम लगाकर केंद्र सरकार द्वारा लागू किये गए कृषि कानून वापस लेने, किसानों का बकाया गन्ना भुगतान दिलाने तथा बढ़ी हुई बिजली की दरें वापस लेने की मांग की। धरने पर बैठे किसानो ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन देकर समस्याओं के निदान की मांग की।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन कार्यकर्ताओं ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को बिजनौर मार्ग स्थित फादरसन स्कूल के सामने सड़क पर ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी कर जाम लगा दिया। किसान सड़क पर दरी बिछाकर बैठ गये और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।
वक्ताओं का कहना था कि केंद्र सरकार ने किसानों की आमदनी दुगनी करने का झांसा देकर नए कानून लागू कर किसानों को ठगने का काम किया है। इसे किसान किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं करेंगे। वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा लागू किए गए नए कानून किसी भी तरह से किसानों के हित में नहीं है।
इससे किसान बर्बादी के कगार पर पहुंच जाएंगे। वक्ताओं ने केंद्र सरकार से लागू किए गए कृषि कानून वापस लेने की जोरदार मांग की। वक्ताओं ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार किसानों को उनके बकाया गन्ने का भुगतान दिलाने के मामले में पूरी तरह से विफल साबित रही है।
मील मालिक किसानों के अरबों रुपए दबा कर बैठे हैं लेकिन सरकार भुगतान दिलाने का नाम नहीं ले रही है। पिछले 4 वर्षों में गन्ने के दाम में कोई वृद्धि नहीं की गई है इसके विपरीत सरकार द्वारा खाद, बिजली व डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं। जिससे किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है।
वक्ताओं ने सरकार से बढ़ाई गई बिजली दरें वापस लेने के साथ ही 14 दिन के भीतर गन्ने का भुगतान न होने पर ब्याज सहित भुगतान दिलाने की मांग की। किसानों ने एमएसपी से कम कीमत पर धान की फसल न खरीदे जाने की मांग भी रखी। इस दौरान किसानों द्वारा जर्जर हो चुके चांदपुर-हल्दौर मार्ग का निर्माण कराए जाने की मांग भी उठाई गई। धरना प्रदर्शन में नरेश कुमार सिंह, छत्रपाल सिंह, मुकेश कुमार, अमर राज सिंह, देवेंद्र शर्मा, सोमपाल सिंह, हरगुलाल सिंह, सूरज सिंह, देवेंद्र सिंह, निखिल त्यागी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

