जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के द्वारका कोर्ट में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कोर्ट परिसर में बम रखे होने की धमकी भरा ईमेल मिला। धमकी मिलते ही दिल्ली पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया। शुरुआती जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
बम धमकी ईमेल के जरिए दी गई
पुलिस के मुताबिक, बम धमकी ईमेल के जरिए दी गई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। साइबर सेल धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मेल कहां से और किसने भेजा।
13 निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
इसी बीच साइबर सिटी में भी बुधवार सुबह 13 निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने एहतियातन स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी।
धमकी भरे ईमेल उस समय मिले, जब बच्चे स्कूल पहुंच रहे थे या कई स्कूलों में कक्षाएं शुरू हो चुकी थीं। सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और एसडीआरएफ की टीमें संबंधित स्कूलों में पहुंचीं और मोर्चा संभाल लिया।
जांच टीमों ने स्कूल परिसरों के साथ-साथ आसपास के संवेदनशील इलाकों में भी गहन तलाशी अभियान चलाया। कक्षाओं, शौचालयों, मैदानों, गमलों और हर संभावित स्थान की बारीकी से जांच की गई। राहत की बात यह रही कि किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अब पुलिस और साइबर टीम ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने और धमकी के पीछे की सच्चाई जानने के लिए तकनीकी जांच में जुटी हुई है।

