- मुठभेड़ में 18 घंटे में धरे बदमाशों के पैर बने निशाना
- सहारनपुर में भी कई वारदातों को दिया था अंजाम
जनवाणी संवाददाता |
शामली/कांधला: शामली में सर्राफ के यहां लूट के प्रयास के बाद मेरठ-करनाल हाइवे स्थित पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए पांच में तीन बदमाशों को 18 घंटों के भीतर शामली पुलिस तथा एसओजी सहारनपुर ने खंद्रावली क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीनों बदमाश पैरों में गोली लगने से घायल हो गए जबकि उनके दो साथ ही पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस क्षेत्र में देर शाम तक कांबिंग करती रही। दूसरी ओर, घायल बदमाशों को कांधला स्थित सीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां से उनको उपचार के लिए मेरठ कर दिया गया। गिरफ्तार बदमाशों ने शामली व सहारनपुर जिले में लूट की कई वारदातों को अंजाम दिया था। डीआईजी सहारनपुर रेंज ने पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का नगद ईनाम देने की घोषणा की है।

शामली शहर में मंडी जवाहर गंज स्थित सुभाष ज्वैलर्स के यहां शनिवार को बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूटपाट का प्रयास किया था। लूट में असफल होने पर बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे। उसके बाद बदमाशों ने शाम के समय मेरठ-करनाल हाइवे पर गांव सिभालका के पास पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों को आंतकित कर 26000 हजार रुपये लूट लिए थे। तीनों बदमाशों ने इस दौरान फायरिंग भी की थी। लूट की घटना के बाद पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी थी।

रविवार को पुलिस नहर पटरी पर गांव खंदरावली के निकट चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को स्विप्ट डिजायर कार में पांच संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने कार चालक को रूकने का इशारा किया, तो चालक ने कार की स्पीड तेज कर भगा लिया। पुलिस ने कार का पीछा किया। इस दौरान मामले की जानकारी वायरलेस सेट पर प्रसारित कर दी। बदमाश कार को छोड़कर ईंख के खेत में घुस गए।
पुलिस ने ईंख की घेराबंदी कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव जिले कई थाना की पुलिस-फोर्स के साथ वहां आ डटे। एसपी ने जंगल में छिपे बदमाशों को सरेंडर होने के लिए एलाउंस किया लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरु कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तीन बदमाशों को पकड़ लिया। तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी थी। दो बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से से दो तमंचे व खोखे बरामद किए हैं।

पुलिस को गिरफ्तार तीनों ने अपने नाम सन्नी पुत्र बिरम सिंह व रोहित उर्फ पारुल पुत्र मांगेराम निवासी ग्राम देदपुरा, थाना नकुड़ तथा विशाल पंवार पुत्र विजयपाल पंवार निवासी ग्राम बहलोलपुर, थाना रामपुर मनिहारन, जिला सहारनपुर बताए। पुलिस ने घायल बदमाशों को कस्बे के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया।
इलाज के बाद तीनों को मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। मुठभेड़ को अंजाम देने में शामली कोतवाली प्रभारी सतपाल सिंह, कांधला एसओ रोजन्त त्यागी मयफोर्स के अलावा शामली सर्विलांस टीम, साइबर सेल और एसओजी सहारनपुर प्रभारी अपनी टीम के साथ शामिल रही।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि पकड़े गए तीनों बदमाशों ने शनिवार को शामली में सर्राफ के यहां लूट का प्रयास और उसके बाद पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों से 25-30 हजार रुपये की लूटपाट की थी। बदमाशों ने सहारनपुर के बेहट में पेट्रोल पंप पर लूट की थी। पांच दिन पहले रामपुर मनिहारन में बाइक को साइड न देने पर युवक मयंक को गोली मारकर घायल कर दिया था। मुठभेड़ की सूचना पर सहारनपुर जिले के कई थानों की पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी हासिल की।
दूसरी ओर, डीआईजी सहारनपुर रेंज उपेंद्र अग्रवाल ने पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम को 50 हजार रुपये का नगद ईनाम देने की घोषणा की है।

