नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक अभिनंदन और स्वागत है। आज सोमवार को एशियाई खेलों में 9वां दिन है। एशियन खेलों में भारत को पहले दिन पांच, दूसरे दिन छह, तीसरे दिन तीन, चौथे दिन आठ, पांचवें दिन तीन, छठे दिन आठ, सातवें दिन पांच और आठवें दिन 15 पदक मिले हैं। आज 9वें दिन खेलप्रेमी इंतजार कर रहे हैं।
भारत के पदकों की संख्या
स्वर्णः 13
रजतः 21
कांस्यः 21
कुलः 55
पीटी उषा की बराबरी तक पहुंचीं विद्या रामराज
महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में विद्या रामराज ने पीटी उषा के राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। 1984 में पीटी उषा ने 55.42 सेकेंड में यह दौड़ पूरी की थी। अब विद्या ने भी यह कर दिखाया है। इससे पहले विद्या का बेस्ट रिकॉर्ड 55.43 सेकेंड था। वह हीट 1 से बहरीन की अमीनत ओए जमाल के साथ सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं।

पुरुष स्केटिंग टीम ने जीता कांस्य पदक

स्पीड स्केटिंग में ही भारत को आज का दूसरा पदक मिला है। भारत के आर्यनपाल घुमन, आनंदकुमार वेलकुमार, सिद्धांत कांबले, विक्रम इंगले 4:10.128 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे और कांस्य पदक जीता। चीनी ताइपे ने स्वर्ण, दक्षिण कोरिया ने रजत पदक जीता।
महिला स्केटिंग टीम ने जीता कांस्य पदक

भारत को दिन का पहला पदक स्केटिंग में मिला है। संजना भटुला, कार्तिका जगदीश्वरन, हीरल साधु और आरती कस्तूरी ने महिलाओं की स्पीड स्केटिंग 3000 मीटर में कांस्य पदक जीता। उन्होंने अपने रेस 4:34:861 मिनट में पूरी की।

