जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: नगर के गुलाब सिंह हिन्दू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में आईपीएस अधिकारी अतुल शर्मा व असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी ज्योति धारीवाल ने महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाएं अधिक सशक्त होंगी तो उनके साथ अत्याचार नहीं होगा।
शुक्रवार को नगर के गुलाब सिंह हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में जिले के कप्तान रहे आईपीएस अधिकारी अतुल शर्मा व लखनऊ में जीएसटी विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर ज्योति धारीवाल ने भाग लिया । कालेज पहुंचे दोनों अधिकारियों का कालेज प्राचार्य व प्रवक्ताओं ने शाल उढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ज्योति धारीवाल ने कहा की महिलाओं का सशक्त होना जरूरी है। इसी कालेज की छात्रा रही ज्योति धारीवाल ने छात्राओं को सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा की की छात्राओं को अपना लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ना चाहिए। जो छात्राएं अपना लक्ष्य निर्धारित कार मेहनत करती हैं वह अपने लक्ष्य को हासिल जरूर करती हैं। वह भी इसी महाविद्यालय की छात्रा रही हैं उन्होंने अपना लक्ष्य निर्धारित कर तैयारी की थी इसी के दम पर आज वह इस मुकाम पर पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं को स्वावलंबी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
महिलाओं की सहायता के लिए मिशन शक्ति कार्यक्रम की शुरुआत की गई है और साथ ही टोल फ्री नंबर भी जारी किए गए हैं । जिनकी मदद से महिलाएं विपत्ति काल में अपनी मदद के लिए संपर्क कर सकती हैं। पूर्व में जिले के कप्तान रहे आईपीएस अधिकारी अतुल शर्मा ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं पर होने वाले अत्याचार उनकी कमजोरी का हिस्सा होते हैं। जो महिलाएं जागरुक व सशक्त होकर बुराइयों का सामना करती हैं।
वह एक मिसाल पेश करती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सहायता के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं होने वाले अत्याचार को कम कर सकती हैं। कार्यक्रम को कालेज की प्राचार्य साधना व प्रवक्ता दिनेश सिंह, अनिल कुमार वर्मा, अशोक कुमार, एमपी सिंह, जैनुलआबेदीन, कुलदीप कुमार, मीनाक्षी चौहान आदि ने भी संबोधित किया।

