जनवाणी ब्यूरो |
सहारनपुर: मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने कहा कि पंचायत चुनाव में महिला कर्मियों की समुचित सुरक्षा और मतदान केन्द्रों पर शौचालयों, पानी, बिजली सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि आपराधिक छवि वाले उम्मीदवारों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई कराई जाए।
क्रय केन्द्रों पर कोविड-19 का पालन करने के साथ ही किसानों को समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि गन्ना किसानों के बकाया का तत्काल भुगतान कराया जाना सुनिशिचत करें।
एवी राजमौलि आज यहां पंचायत, कोविड-19, गेहूं खरीद और गन्ना मूल्य बकाया भुगतान के कार्यों की वर्चुअल समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के लिए कृतसंकल्प है। कहा कि मंडल में लगभग 175 गेहूं क्रय केंद्र संचालित हैं।
आवश्यकता पड़ने पर और अधिक गेहूं क्रय केंद्रों की व्यवस्था की जा सकती है। उन्होंने कहा कि किसी भी गेहूं क्रय केन्द्र पर किसानों की अनदेखी और अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं क्रय केन्द्रों पर नियमित रूप से स्वयं अथवा अपने अधीनस्थ अधिकारियों के माध्यम से भ्रमण करें। एवी राजमौलि ने कहा कि मतदान कार्य में लगी महिलाओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सभी मतदान स्थलों पर पानी, प्रकाश, विद्युत, शौचालयों, साफ-सफाई एवं सुरक्षा की शत-प्रतिशत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बैठक में बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर जनपद में सभी तैयारियों पूरी कर ली गई हैं।
संवदेनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप में ग्रामीणों के साथ बैठक कर रहे है। उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान ग्रामीणों को कोविड-19 के प्रति जागरूक करने के साथ ही मॉस्क और समाजिक दूरी बनाये रखने के सम्बन्ध में भी जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि अपराधिक छवि वाले उम्मीदवारों पर पुलिस की पैनी निगाह है। बैठक में अपर आयुक्त (प्रशासन) डी.पी.सिंह, जिलाधिकारी सहारनपुर अखिलेश सिंह, मुजफ्फरनगर मती सेल्वा कुमारी जे.,शामली मती जसजीत कौर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर डॉ. एस चनप्पा, पुलिस अधीक्षक शामली सुकिर्ति माधव, मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, आरएफसी सहित स्वास्थ्य, खाद्ध विपणन, पंचायत विभाग सहित सभी विभागों के मण्डलीय अधिकारी मौजूद थे।

