जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्विस एयर की फ्लाइट एलएक्स 147 के टेकऑफ के दौरान उसके इंजन में अचानक खराबी आ गई और आग लग गई। इस घटना में कम से कम 6 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, पायलट और एयरपोर्ट स्टाफ की तत्पर कार्रवाई के कारण कोई बड़ा हादसा होने से बच गया।
सूत्रों के अनुसार, विमान दिल्ली से ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने ही वाला था। रनवे पर गति पकड़ते ही विमान के एक इंजन से असामान्य आवाज आने लगी और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। स्थिति गंभीर होते ही पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोक दिया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया। एयरपोर्ट पर मौजूद दमकल विभाग और आपातकालीन सेवाएं तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया गया। विमान को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
घटना के दौरान विमान में 232 यात्री सवार थे। अफरा-तफरी के बीच 6 यात्री हल्के रूप से घायल हुए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि विमान में मौजूद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करते हुए ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। घटना के कारण कुछ समय के लिए रनवे संचालन प्रभावित हुआ, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।
विमानन कंपनी और संबंधित एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इंजन में तकनीकी खराबी को आग लगने का कारण माना जा रहा है। विशेषज्ञों की टीम विमान के ब्लैक बॉक्स और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। घटना के समय विमान के अंदर धुआं भर गया था, लेकिन क्रू मेंबर्स ने सूझबूझ से सभी यात्रियों को शांत किया और सुरक्षित बाहर निकाला।

