जनवाणी संवाददाता |
बुढ़ाना: सहारनपुर के रहने वाली बेसहारा युवती का तहसील में वकील के पास बैठने वाले मुंशी के साथ दोनों की सहमति से विवाह कराया गया। एक अधिवक्ता ने पिता का रोल करते हुए युवती का कन्यादान किया।
सहारनपुर शहर के मौहल्ला सुभाष नगर की रहने वाली मीरा (24) पुत्री राजेश किसी कार्य से अधिवक्ता विनय बालियान के पास पहुंची। युवती ने सारी बाते बताते हुए अपने को बेसहारा बताया। अधिवक्ता के मुंशी सतेन्द्र बालियान निवासी गढ़ीनौआबाद ने उसके सामने अपनी शादी का प्रस्ताव रखा।
विनय बालियान व संजय त्यागी ने उसके प्रस्ताव को सही मानते हुए सहारनपुर की युवती को अपने मुंशी व उसके परिवार के बारे में पूरी जानकारी दी। युवती को संतुष्टी के लिए उसे गढ़ीनौआबाद ले जाया गया। युवती की सहमति के बाद बृहस्पतिवार को शाम करीब 4 बजे मीरा व सतेन्द्र बालियान की शादी के समारोह का आयोजन किया गया।
तहसील परिसर में स्थित शिव मंदिर में वरमाला व सात फेरे लेने के बाद दोनों पति-पत्नी के बंधन में बंध गए। अधिवक्ता संजय त्यागी ने मीरा को अपनी बेटी स्वीकार करते हुए उसका कन्यादान किया। इस मौके पर सभी अधिवक्ताओं ने वर-वधु को आशीर्वाद दिया।
शादी के समारोह मे वधु पक्ष की ओर से अधिवक्ता व वर पक्ष के परिवार वाले शामिल हुए। शादी के इस समारोह में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेशपाल वर्मा व महासचिव ओमपाल मलिक सहित बार के सभी अधिवक्ता
मौजूद रहे।

