- आटो में टक्कर लगने से बस चालक घबराया, फिर कई वाहनों को ठोका
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: ईदगाह चौराहे पर जाम लगा होने की वजह से नोएडा डिपो की बस पीछे खड़े आॅटो से टकरा गई। जिससे बस चालक घबरा गया और उसने बस को दौड़ा दिया। जिसके बाद बस रॉग साइड में पहुंच गई और सामने से आ रहे दो स्कूटी व दो बाइक सवार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।
जिससे एक किशोरी समेत आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने बस में तोड़फोड़ करते हुए आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर पहुंचे एसपी सिटी व तीन थानों की पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
वहीं घायलों को केएमसी व जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल कराया। वहीं, देर रात एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद उनके परिजनों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।

सहारनपुर का रहना वाला बजरंग सिंह नोएडा डिपो में बस चालक है। गुरुवार रात में वह बस को लेकर भैसाली डिपो पर आ रहा था। जब वह ईदगाह चौराहे पर पहुंचा तो वहां जाम लगा हुआ था। जिसके बाद चालक ने बस को रोककर पीछे करते हुए साइड से निकालने का प्रयास किया। लेकिन बस पीछे खड़े आॅटो से टकरा गई और उसका शीशा टूट गया व चालक घायल हो गया।
जिसके बाद बस चालक घबरा गया और उसने बस को रौंग साइड में करते हुए दौड़ा दी। जिससे सामने से आ रहे दो स्कूटी व दो बाइक सवारों समेत सड़क किनारे खड़े कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया। जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने बस में तोड़फोड़ करते आग लगाने का प्रयास किया। बस में तोड़फोड़ व बवाल की सूचना मिलते ही थाना ब्रह्मपुरी, देहली गेट व रेलवे रोड पुलिस समेत एसपी सिटी विनीत भटनागर मौके पर पहुंचे और किसी भीड़ को समझाकर मामला शांत कराया।
इसके बाद पांच घायलों को केएमसी अस्पताल व अन्य को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं इसके बाद पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर उसका भी मेडिकल कराया। वहीं, रोडवेज बस की टक्कर से घायल नीरज अग्रवाल निवासी सरस्वती लोक की न्यूटिमा हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
लोगों ने बस चालक पर लगाया नशे में होने का आरोप
ईदगाह चौराहे पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक पूरी तरह नशे में था और बस को बेतरतीब दौड़ा रहा था। यही नहीं चालक बस को रौंग साइड से दौड़ाते हुए ले जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि चालक की हालत नशे में इस कदर बिगड़ी हुई थी कि वह जब बस को छोड़कर भागा तो ठीक से दौड़ भी नहीं पाया। यही नहीं यदि समय पर पुलिस नहीं पहुंचती तो लोग चालक को पकड़कर बुरी तरह पीटते।
बस में मिला रुपयों से भरा बैग
घटना स्थल पर मौजूद लोगों में चर्चा थी कि बस में एक नोटो से भरा बैग भी बरामद हुआ है। जिसे पुलिस अपने साथ ले गई। लगता है कि कोई व्यक्ति बैग को बस में ही भूल गया है। हालांकि ब्रह्मपुरी इंस्पेक्टर ने ऐसा कोई बैग मिलने से इनकार किया है।
ईदगाह चौराहे पर दिनभर रहती है जाम की स्थिति
लोगों का कहना था दिल्ली मार्ग पर वाहनों का ज्यादा आवगमन रहता है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस को इस मार्ग को ज्यादा देर तक बंद नहीं करना चाहिए। लेकिन महावीर चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मी जब दिल्ली मार्ग के वाहनों को रोककर घंटाघर की ओर जाने वाले वाहनों को चलाते है तो चंद सैकंडों में ईदगाह चौराहे तक जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में यहां हादसा होने की ज्यादा संभावना बनी रहती है।
ये हुए घायल
- रविंद्र पुत्र ओमप्रकाश, उम्र 32 वर्ष, निवासी खड़ौली थाना कंकरखेड़ा।
- आयुष कुमार पुत्र संजय कुमार, उम्र 25, सरस्वती लोक।
- हारुन मलिक पुत्र हनीफ, उम्र 40, निवासी समर गार्डन।
- आलिया पुत्री अमजद, उम्र 15, हनवासी शाहपीर गेट।
- दफेदार पुत्रसत्तार, उम्र 42, निवासी सिवाल खास।

