जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी टीएमसी के एक विधायक ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में आगामी 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद की नींव रखी जाएगी। विधायक के अनुसार, इस कार्यक्रम में कई मुस्लिम नेता शामिल होंगे और मस्जिद का निर्माण कार्य लगभग तीन साल में पूरा किया जाएगा। विधायक के बयान के सामने आते ही राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। बयान को लेकर विपक्ष और टीएमसी के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
पश्चिम बंगाल भाजपा की ओर से आई सबसे तीखी प्रतिक्रिया
टीएमसी विधायक के बयान पर सबसे तीखी प्रतिक्रिया पश्चिम बंगाल भाजपा की ओर से आई है। भाजपा ने इसका विरोध करते हुए बरहामपुर में राम मंदिर बनाने का ऐलान किया है। भाजपा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने कहा अगर कहीं बाबरी मस्जिद बनती है, तो हम वहां मंदिर बनाकर रामलला को वापस लाएँगे। बाबर एक लुटेरा था, उसके नाम पर कुछ भी बनाना अस्वीकार्य है।
कांग्रेस पार्टी ने दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता अजय कुमार लल्लू ने टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर के बयान पर कहा कि ‘हम इसे लेकर पूरी तरह से स्पष्ट हैं। हम रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, महिलाएं, किसानों और मजदूरों के साथ समावेशिता और समानता की बात करते हैं। कांग्रेस पार्टी हमेशा से संविधान की बात करती है और चुनाव भी इन्हीं मुद्दों पर लड़ा जाए।’

