- वारदात सीसीटीवी में कैद, दिल्ली नम्बर की बाइक से दिया लूट को अंजाम
जनवाणी संवाददाता |
धामपुर: लुटेरों ने दो दिन में चेन स्नैचिंग की दो घटनाओं को अंजाम दे दिया। पुलिस ने इन घटनाओं में शामिल दोनों लुटेरों को जल्द हिरासत में लेने की बात कही है।
मौहल्ला साहूवान निवासी रवि कुमार अग्रवाल पुत्र कृष्ण कुमार अग्रवाल बड़ा जैन मंदिर के सामने एक दुकान से कुछ सामान खरीद रहे थे। पीछे से बाइक सवार दो बदमाश व्यापारी रवि अग्रवाल के गले से दो तोले की चेन लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई घटना से हड़कम्प मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो बाइक सवार लुटेरों की अपाचे बाइक का नंबर मिल गया। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान तो नहीं हो सकी। लेकिन बाइक का नंबर मिलने से लुटेरों को पकड़ने में आसानी होगी। जबकि इस घटना से पूर्व बीते दिनों शिक्षिका प्रीती अग्रवाल पुत्री अशोक कुमार अग्रवाल निवासी निकट भगत सिह चौक के गले से भी बाइक सवार यही बदमाश सोने की चेन लूट कर फरार हो गये थे। लगातार दो दिनों में लूट की दो घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए जल्द खुलासें की बात कही है।
उधर सीओ अजय कुमार अग्रवाल ने भी दोनो पीड़ितों से कोतवाली में जानकारी लेकर जल्द खुलासे के निर्देश दिये है। बताया जाता है कि बदमाशों ने जिस बाइक से लूट की घटना को अंजाम दिया है, उस बाइक का नम्बर दिल्ली के लोनी इलाका निवासी एक युवक के नाम पर दर्ज है। यदि बदमाशों ने बाइक की नम्बर प्लेट नही बदली होगी तो दोनों आरोपी जल्द पुलिस के हत्थे चढ़ सकते है। लूट की यह घटना के बाद दोनों बदमाश सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गये है।

