जनवाणी संवाददाता |
नूरपुर: बिजनौर मार्ग पर ग्राम धमरोली के निकट बाइक पर जा रहे युवक को पीछे से आ रही वैन में सवार हमलावरों ने गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। कस्बे के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी 32 वर्षीय शहजाद पुत्र साबिर बाइक द्वारा बिजनौर जा रहा था।
ईदगाह से कुछ दूरी पर पीछे से आ रही वैन में सवार हमलावरों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने पर शहजाद बाइक समेत नीचे गिर गया। पीठ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रवेंद्र कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। घायल को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में काम्बिंग की लेकिन उनका पता नही लग सका। बताया जाता है कि शहजाद का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है और आज वह मुकदमे की तारीख पर बिजनौर जा रहा था।

