जनवाणी संवाददाता |
नहटौर: हल्दौर क्षेत्र के ग्राम पैजनिया निवासी कक्षा नौ का छात्र हर्षित पुत्र वीरेंद्र अपने फूफा महेंद्र पुत्र सुखराम निवासी ग्राम बसावनपुर के साथ यहां नहटौर के गांव पाली जट में अपनी रिश्तेदारी में आया था। बताया जाता है कि सोमवार की रात्रि करीब नौ बजे वह बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहा था।
जब वह झालू मार्ग पर गांव कोकापुर के निकट पहुंचा तो पीछे से आ रही कार ने उनकी बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने महेन्द्र व हर्षित को मृत घोषित कर दिया। आरोपी कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। कोतवाल पंकज तोमर ने बताया कि दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया तथा मृतक महेंद्र के पुत्र की ओर से मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।

