- भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य के नेतृत्व में दिल्ली गए कार्यकर्ता
जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता दिल्ली में सीमा पर आंदोलन कर रहे किसानों के लिए खाद्य सामग्री लेकर रवाना हुए। इस मौके पर भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी राजेन्द्र सिंह ने कहा कि दिल्ली में किसान अब दो मोर्चों पर लड़ाई लड़ रहा है। एक सर्दी से और दूसरे दिल्ली की गद्दी पर बैठे पूंजीपतियों के संरक्षकों से। उन्हें उम्मीद है कि किसान दोनों मोर्चों पर जीत हासिल करेंगे।
सोमवार को दिल्ली जाते हुए किसान केन्द्र सरकार से आक्रोशित दिखे। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में किशनपुर बराल बस स्टैंड पर इकट्ठे हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने किसानों पर थोपे गए कृषि कानूनों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों किसान अपने-अपने ट्रैक्टर गाड़ी लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए। वह ट्रैक्टर-ट्रालियों में खाद्य सामग्री लेकर दिल्ली नारेबाजी के साथ रवाना हो गए। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह तोमर ने कहा जब तक सरकार इन काले कानूनों को वापस नहीं लेगी।
तब तक किसान अपने-अपने घर वापस नहीं लौटेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार जमीन को पूंजीपतियों के हवाले करने का षड़यंत्र रच रही है। किसान सरकार के इस षड़यंत्र को सफल नहीं होने देंगे। दिल्ली रवाना होने वालों में नरेंद्र सिंह लाला, भूपेंद्र सिंह, देशपाल सिंह, शौकेन्द्र प्रधान, साहब सिंह, राहुल, हरपाल, अमित कुमार आदि सैकड़ों किसान उपस्थित थे।

