जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बांग्लादेश के आम चुनाव में तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज की है। इस जीत पर भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तारिक रहमान को बधाई देते हुए कहा कि यह जनादेश बांग्लादेश की जनता के उनके नेतृत्व में विश्वास का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने यह भी दोहराया कि भारत लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में हमेशा साथ खड़ा रहेगा।
पीएम मोदी ने दोनों देशों के संबंधों को लेकर सकारात्मक संदेश देते हुए कहा कि वह तारिक रहमान के साथ मिलकर भारत-बांग्लादेश के बहुआयामी रिश्तों को और मजबूत करने तथा साझा विकास के लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
करीब 18 महीनों तक चले राजनीतिक संघर्ष के बाद हुए इस चुनाव में बीएनपी को बड़ा जनादेश मिला है। ताजा मतगणना के अनुसार पार्टी ने दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है। वहीं जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन को अब तक 73 सीटें मिली हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दी शुभकामनाएं
बीएनपी की ऐतिहासिक जीत पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी तारिक रहमान को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि कांग्रेस की ओर से वह तारिक रहमान और बीएनपी को बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में जीत के लिए बधाई देते हैं।
बांग्लादेश की संसद, जिसे जातीय संसद कहा जाता है, में कुल 300 सीटें हैं। इनमें से 299 सीटों पर मतदान हुआ, जबकि शेरपुर-3 सीट पर एक प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया। बहुमत के लिए 150 सीटें आवश्यक होती हैं। इसके अतिरिक्त 50 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जिनका आवंटन 300 सामान्य सीटों पर पार्टियों के प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है।

