- परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, कई लोगों के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में विद्युत पोल पर लटका मिला। मृतक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए नामजद लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली नगर के मोहल्ला जाटान निवासी शाहिद (40वर्ष) पुत्र सदरूद्दीन काजीपाड़ा हयात नगर कॉलोनी ईदगाह मार्ग पर रेत बजरी व सेटरिंग का कार्य करता था। शुक्रवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव कॉलोनी में ही विद्युत पोल पर लटका मिला।
शव लटके होने की सूचना पर मौके पर भीड़ जमा हो गई और कोतवाल पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम को भेजा। वहीं परिजनों को कहना है कि शाहिद की किसी ने हत्याकर शव को विद्युत पोल पर लटका दिया है। परिजनों ने पुलिस को कुछ नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शाहिद की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। शाहिद एक बेटी व एक बेटे का पिता था।
दो माह पहले लगा दी थी आग
स्थानीय लोगों के मुताबिक दो माह पहले शाहिद की टाल पर लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्राली खड़ी थी। जिसमें अज्ञात लोगों ने आग लगा दी थी। जिससे उसको काफी नुकसान हुआ था। कोतवाल राजेश सोलंकी ने बताया कि हयात नगर कॉलोनी में एक व्यक्ति का शव विद्युत पोल पर लटका मिला था। जिसको कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

