जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र में ग्राम नरोत्तमगढ़ के निकट सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी बेहट प्रिया यादव ने बताया कि रविवार को पीआरवी के माध्यम से ग्राम नरोत्तमगढ़ से करीब एक किलोमीटर पहले एक व्यक्ति के शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मृतक की पहचान संजय पुत्र मामचंद (45 वर्ष) के रूप में हुई।
सीओ बेहट के अनुसार परिजनों ने बताया कि संजय शनिवार रात एक शादी समारोह में गए थे और देर रात बिना किसी को बताए वहां से निकल गए थे। रविवार सुबह उनका शव गांव से करीब एक किलोमीटर पहले सड़क किनारे मिला। घटनास्थल पर मृतक की बाइक तथा दो देसी शराब के पाउच भी बरामद हुए हैं। प्रिया यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है।
आशंका है कि नशे की हालत में या किसी अन्य कारण से बाइक फिसलने के कारण वह सड़क पर गिर गए हों। हालांकि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

