- पुजारी विष्णु शास्त्री बैठेंगे रथ पर, दिनेश गोयल ने राज्यसभा सांसद और कैंट विधायक का जताया आभार
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सदर बिल्वेश्वर महादेव मंदिर से सात जुलाई को निकाली जाने वाली रथयात्रा को लेकर सहमति बनाने के लिए मंदिर में बुलायी गयी बैठक में एडीएम सिटी व सीओ की मौजूदगी में दोनों पक्ष भिड़ गए। गणेश अग्रवाल व रक्षित जिंदल के बीच जमकर हॉट-टॉक हुई। मंदिर के बाहर एक देख लेने तक की धमकी दी गयी। बैठक में दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे। जिनमें प्रमुख पवन गर्ग, विजय गोयल, गणेश अग्रवाल, सुरेन्द्र सिंधु व दूसरे पक्ष के राजेन्द्र वर्मा, दिनेश गुप्ता, राम मोहन शर्मा व संजय वाजपेयी के अलावा कई अन्य थी शामिल थे।
सूत्रों ने बताया कि प्रशासन चाहता था कि एडीएम सिटी के कार्यालय में यह बैठक हो, इसके लिए पुजारी से बात की गयी तो उन्होंने धार्मिक अनुष्ठान के चलते मंदिर को छोड़कर जाने में असर्थता जतायी। इसके बाद एडीएम सिटी व सीओ शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे खुद ही सदर बिल्वेश्वर महादेव मंदिर जा पहुंचे। जहां बैठक में तनातनी बनी रही। लंबी बहस के बाद तय हुआ कि मंदिर के पुजारी विष्णु दत्त व उनका परिवार रथ पर बैठेगा।
विवाद का हुआ पटाक्षेप
विवाद का पटाक्षेप करने तथा रथयात्रा का विघ्न दूर करने के लिए भाजपा नेता कैंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष दिनेश गोयल ने राज्यसभा सांसद डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, पूर्व सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, महानगर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मुकेश सिंहल व कमलदत्त का आभार जताया है। उन्होंने बताया कि भव्य शोभायात्रा निकलेगी। एडीएम सिटी ने बताया कि कोई भी श्रद्धालु बन कर शोभायात्रा में शामिल हो सकता है। इसके अलावा कुछ नहीं।

