- डीएम ने अफसरोंं के साथ की विकास कार्यों की समीक्षा
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी जसजीत कौर ने लाभार्थीपरक एक-एक योजना का लाभ जनता तक सुनिश्चित कराने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को शामली कलक्ट्रेट सभागार में डीएम जसजीत कौर ने जनपद में संचालित विकास योजनाओं की एक-एक करते समीक्षा की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि लक्ष्यों को समय से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जो गौशाला बंद हो चुकी है ऐसी गौशालाओं को संचालित किया जाए और सड़क पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को गौशालाओं में संरक्षित किया जाए।

गौशालाओं में गोवंश के लिए हरा चारा, पानी, छाया की व्यवस्था करें। खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए डीएम ने कहा कि पशुचर जमीन पर गोवंश के लिए हरे चारे की बुवाई की जाए। साथ ही कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में तालाबों को चिन्हित करते हुए जिस तालाब पर अतिक्रमण है।
उन्हें अतिक्रमण मुक्त किया जाए। डीएम ने वृक्षारोपण के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण के लिए जो लक्ष्य प्राप्त हुआ है अभी से ही वृक्षारोपण के लिए गड्ढों की खुदाई करा लें। वहीं बारिश होने से पहले ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाना सुनिश्चित करें। साथ ही हैंडपंप के आगे रिचार्ज बिट का कार्य कराना सुनिश्चित किया जाए ताकि पानी को संरक्षित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि जो भी विभाग सी अथवा डी श्रेणी में है वह इसी वित्तीय वर्ष में सुधार करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जो भी अधिकारी इसमें लापरवाही बरतेगा उनके विरोध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि रिक्त दुकानों को शीघ्र आवंटन सुनिश्चित कराएं। सीएमओ को निर्देशित करते हुए कहा कि टीकाकरण एवं टेस्टिंग कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने एक जनपद एक उत्पाद योजना से अधिक से अधिक लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सीडीओ मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, उप कृषि निदेशक शिव कुमार केसरी, जिला विकास अधिकारी प्रमोद कुमार व संबंधित आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

