- 95 प्रतिशत झुलसी हालत में रैफर के बाद दिल्ली में मौत
जनवाणी संवाददाता |
शामली: शहर के जैन मोहल्ले से एक व्यापारी द्वारा पेट्रोल डालकर खुद को आग लगाने की खबर मिली है। 95 प्रतिशत झुलसी हालत में मुजफ्फरनगर से व्यापारी को दिल्ली रैफर कर दिया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। व्यापारी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, परिजनों ने बताया है कि व्यापारी कर्ज के बोझ के कारण तनाव में चल रहा था।
शामली शहर जैन मोहल्ला निवासी मोहित जैन (52) पुत्र इन्द्रसैन जैन ने बुधवार को खुद के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। जिसके बाद गंभीर अवस्था में मोहित जैन को मुजफ्फरनगर के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। जहां से उसको 95 प्रतिशत झुलसी हालत में दिल्ली के अस्पताल में रैफर किया गया था।
गुरुवार सवेरे मोहित की उपचार के दौरान मौत हो गई। मोहित की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की सूचना पाकर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जाँच में जुट गयी है। शाम के समय पोस्टमार्टम से शव आने के बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
परिजनों के मुताबिक मोहित जैन ने व्यापार में लगातार घाटा होने के कारण कर्ज ले रखा था। जिसको लेकर वह तनाव में चल रहा था। परेशान होकर लॉकडाउन से पहले मोहित जैन ने शामली छोड़कर रुडकी में चाट का व्यापार शुरू किया था लेकिन उसके बाद लॉकडाउन लग गया था। तभी से मोहित जैन आर्थिक संकट से जूझ रहा था और तनाव में था।

