- सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद टोल प्लाजा द्वारा चलाया जाएगा अभियान
- पीडी ने लिखा जिलाधिकारी को पत्र पुलिस फोर्स उपलब्ध कराने की मांग
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार अब एनएच-58 पर परतापुर से लेकर रामपुर तिराहे तक 78 किमी का दायरे में अवैध रुप से लगे अवैध यूनिपोल और होर्डिंग्स के खिलाफ जल्द अभियान चलेगा। इस अभियान को चलाने के लिए टोलवे द्वारा एनएचएआई के पीडी को पत्र भेजा गया है।
पीडी ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पुलिस फोर्स उपलब्ध कराने की मांग की है। जिसके बाद जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को पुलिस फोर्स मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान के अलावा टोल प्रबंधन उन ढाबा संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई करेगा। जिन्होने अवैध रूप से हाइवे पर पार्किंग बना रखी है। हाइवे पर अवैध रूप से बनी पार्किंग के कारण हाइवे पर लगातार हादसों में इजाफा हो रहा है।
हाइवे पर बढ़ते हादसों को ध्यान में रखते हुए टोल प्रबंधन ने इनके खिलाफ भी कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से जहां हाइवे पर हादसों में कमी आएगी। वही हाइवे का सफर करने वाले यात्रियों को भी अवैध पार्किंग हटने से काफी हद तक राहत मिलेगी। टोल प्लाजा के परियोजना प्रमुख वैभव शर्मा ने गुरुवार को बताया कि नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में इस अभियान को शुरु कर दिया जाएगा।
पुलिस प्रशासन के सहयोग से यह अभियान शुरु किया जाएगा। उन्होंने यह भी आहवान किया कि जिन लोगों ने हाइवे पर अवैध यूनिपोल और होर्डिंग लगा रखे है। वह स्वयं हटा ले अन्यथा उन्हे मजबूर होकर हटाने पड़ेंगे। हाइवे पर लगातार बढ़ रहे हादसों को गंभीरता से लेते हुए परियोजना प्रमुख बोले कि हाइवे पर ढाबा संचालकों द्वारा अवैध पार्किंग कर दी गई है। वन विभाग के पेड़ों को इनके द्वारा नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
ढाबे का कूड़ा-करकट हाइवे पर इनके द्वारा फेका जा रहा है। जिसके चलते हाइवे पर हादसों बढ़ रहे है। ऐसे में इनके खिलाफ अभियान शुरु होगा। सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हाइवे पर स्थित गांवों के ग्रामीणों का सहयोग लेकर जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान की जिम्मेदारी टोल प्लाजा के रूट आपरेशन अधिकारी राणा प्रताप सिंह की देखरेख में होगा।

