- कार्यवाहक सीईओ ने सोमवार को किया क्षेत्र का निरीक्षण
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कैंट की सड़कों को जल्द ही गड्ढा मुक्त किया जायेगा। इसे लेकर कार्यवाहक सीईओ हरेन्द्र सिंह ने कमान संभाल ली है। सोमवार को उन्होंने कैंट क्षेत्र का निरीक्षण किया और कई जगहों पर सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश दिये तो कई जगहों से अतिक्रमण हटवाया। इसके अलावा उन्होंने नाला सफाई के निर्देश भी अधिकारियों को दिये।
कैंट बोर्ड कार्यवाहक सीईओ हरेन्द्र सिंह ने सोमवार को कैंट क्षेत्र की सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने मैदा मोहल्ला लालकुर्ती, जामुन मोहल्ला, डेयरी फार्म रोड, मेहताब सिनेमा के सामने सड़कों की खराब हालत पर नाराजगी जताई और यहां सड़कों के गड्ढे जल्द से जल्द भरने के निर्देश कैंट बोर्ड के अधिकारियों को दिये। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में बंद नालों को खुलवाया और यहां सफाई करने के निर्देश दिये। जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो सके। यहां जामुन मोहल्ले में नाले के ऊपर से कब्जा हटाकर उन्होंने नाला सफाई के निर्देश दिये।
जिसे तत्काल साफ कराया गया। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी और सड़कों को कब्जामुक्त कराया। उन्होंने मेहताब सिनेमा के पास रखे एक अवैध खोखे को भी हटवाया। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र के सभी नालों की सफाई व नालियों से कब्जा हटाने के निर्देश दिये। जहां जहां लोगों ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा है। उसे हटवाया और क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने के निर्देश दिये। इस मौके पर एई पीयूष गौतम, मनोनीत सदस्य डा. सतीश चंद्र शर्मा, कैंट बोर्ड कार्यालय अधीक्षक एमए जफर, सफाई अधीक्षक वीके त्यागी, अवधेश कुमार आदि स्टाफ मौजूद रहा।

