जनवाणी ब्यूरो |
तितावी: शुक्रवार को दिन निकलने से पहले ही सेना में भर्ती के लिए रेस लगा रहे युवकों के साथ बड़ा हादसा हो गया। हादसे में कई युवा घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी कार चालक को हवालात में बंद कर दिया।
बता दें कि तितावी निवासी सुमित पुत्र नरसिंह, अनुराग पुत्र विजेन्द्र, विष्णु पुत्र रविन्द्र, विनय पुत्र वीरपाल, रवि पुत्र सुरेन्द्र, शुभम पुत्र वीर सिंह, दानिश पुत्र मुस्तकीम सभी एक साथ सेना में भर्ती होने के लिए तैयारी कर रहे हैं। शुक्रवार को भी उक्त सभी युवा पानीपत खटीमा मार्ग पर दौड़ लगा रहे थे।

जब यह लोग तितावी व धौलरा के बीच पहुंचे तो मुजफ्फरनगर से आ रही अल्टो कार ने अचानक उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कई युवक घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक ने भागने का प्रयास किया लेकिन वहां से बाइक से जा रहे शिवसेना के जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा ने कार चालक को पीछा कर दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। पूछताछ के दौरान कार चालक ने अपना नाम शिवकुमार निवासी कस्बा इन्द्री करनाल बिट्टू बताया।
बिट्टू ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। कार चालक को कार सहित पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शिवकार को हवालत में बंद कर दिया। समाचार लिखे जाने तक शिवकुमार हवालात में बंद था।

