- द सैनिक सहकारी आवास समिति के पदाधिकारियों पर है भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मवाना रोड स्थित डिफेंस कॉलोनी की द सैनिक सहकारी आवास समिति के पदाधिकारियों पर पिछले चार साल से गंभीर धाराओं में एफआईआर तो दर्ज की गई, लेकिन इसके बाद गंगानगर पुलिस चुप्पी साधकर बैठ गई है। अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कॉलोनी के ही रहने वाले एक व्यक्ति ने सीएम से शिकायत की है। गौरतलब है कि डिफेंस कॉलोनी में मकान बेचने व खरीदने से पहले यहां की द सैनिक सहकारी आवास समिति से एनओसी लेनी पड़ती है। इसके बिना किसी भी प्रॉपर्टी का सौदा नहीं हो सकता।
कॉलोनी के ही रहने वाले राजेश त्यागी ने समिति के पदाधिकारियों जिनमें रहनुमा खानम, सलमान खान, जावेद खान, रण सिंह व अभिनव त्यागी समेत अन्य लोगों पर करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए मुकदमे दर्ज कराए। जिनकी विवेचना गंगानगर थाने के आईओ प्रीतम सिंह द्वारा की जा रही है। राजेश त्यागी ने सीएम को लिखे पत्र में आईओ को ही कटघरे में खड़ा करते हुए आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का कहना है वह प्रकरण को लेकर कई बार सीएम के जनता दरबार में भी कार्रवाई को लेकर गुहार लगा चुके हैं, लेकिन स्थानीय पुलिस द्वारा उच्चाधिकारियों को गुमराह किया जा रहा है।
मामले में कुल पांच मुकदमे 231/21, 281/22, 33/24, 56/24 व 264/22 दर्ज है, लेकिन पिछले चार सालों से पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उल्टा पीड़ितों व गवाहों का ही उत्पीड़न किया जा रहा है। आरोप है कि आईओ ने कुल सात आरोपियों की झूठी आख्या लगाने के बदले प्रत्येक से दो लाख रुपये यानी कुल 14 लाख रुपये वसूले हैं। इसके बाद आईओ द्वारा प्रकरण के आरोपियों को फरार बताया गया है। जबकि वह उसके संपर्क में थे। राजेश त्यागी का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत के चलते सभी आरोपी आज भी खुलेआम घूम रहे हैं और जालसाजी कर रहे हैं।

