जनवाणी संवाददाता |
कांधला: थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली निवासी दिव्यांग महिला सादो पुत्री जमशेद का कस्बे के पीएनबी बैंक में खाता है। बुधवार की शाम को दिव्यांग महिला कस्बे के दोनों नहरों के बीच स्थित इंडियन बैंक के एटीएम से रुपए निकालने के लिए पहुंची थी। कई बार प्रयास करने के बाद भी जब रुपए नहीं निकले तो, आरोप है कि पास ही खड़े एक युवक ने दिव्यांग महिला से रुपए निकालने की बात कही, युवक ने दिव्यांग महिला को अपनी बातों में फंसाकर दिव्यांग महिला का एटीएम बदल लिया।
कुछ देर बाद युवक ने दिव्यांग महिला को रुपया नहीं निकलने की बात कहते हुए चलता कर दिया। जैसे ही दिव्यांग महिला अपने गांव पहुंची, तो महिला के मोबाइल पर बीस हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद दिव्यांग महिला के होश उड़ गए। पीड़िता आनन-फानन में अपने परिवार के साथ थाने पहुंची, और अज्ञात ठग के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक रोजन्त त्यागी ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर मिली है। शीघ्र ही ठग को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

