जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मेरठ कॉलेज में रैकिंग का विरोध करने पर छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई थी। जिसमें दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। थाना पुलिस ने इस मामले में तीन छात्रों को हिरासत में भी लिया था। मंगलवार को पुलिस ने कॉलेज परिसर में चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस ने बिना आर्ड कार्ड के मिलें छात्रों को जमकर हड़काया और दोबारा मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी देकर छोड़ा।
सोमवार को मेरठ कॉलेज में प्रिंसिपल कार्यालय के सामने छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई थी। जिसमें विवेक व लक्ष्य राणा ने आशीष मलिक, अखिल कौशिक और पारस पर हॉकी से हमला कर दिया था। मारपीट में पासर व विवेक घायल हो गए थे। जिन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद अन्य तीनों को हिरासत में ले लिया था।
मंगलवार को थाना पुलिस कॉलेज में पहुंची और तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस के तलाशी अभियान को देख छात्रों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान प्रिंसिपल कार्यालय और लाइब्रेरी के पास घूम रहे छात्रों के आई कार्ड चैक किए। इस दौरान कई छात्र ऐसे निकले, जिनके पास आई कार्ड नहीं थे। पुलिस ने ऐसे छात्रों को जमकर हड़काया और कॉलेज में बिना आई कार्ड के आने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी देकर छोड़ा।

