जनवाणी ब्यूरो |
शामली: मंगलवार को शामली विकास खंड का शपथ ग्रहण समारोह जिला पंचायत के रिसोर्स सेंटर में आयोजित किया गया। उप जिलाधिकारी संदीप कुमार ने पुन: निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख मुन्नी देवी को पद और गोपनीयता के साथ-साथ संविधान के प्रति निष्ठा और ईमानदारी की शपथ दिलाई।
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि प्रमुख के चुनाव में बिना सहायकों के बीडीसी मेंबरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। आप सब ने अपने विवेक से काम लिया। लोकतंत्र में मताधिकारी का जो सही तरीका है, उसके अनुसार बीडीसी ने अपना वोट दिया। निर्वाल ने कहा कि बीडीसी वह कड़ी है ब्लॉक के विकास में काम आएगी।
वास्तव में जिस गांव से चुनकर बीडीसी आए हैं, अब वे वहां विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाएंगे। केंद्र-प्रदेश सरकार से जो योजना आएगी, वह वास्तव में उस तक पहुंचेगी, जो उसका असली हकदार है। उन्होंने बीडीसी मेंबरों से अपील करते हुए कहा कि वे कोरोना की तीसरी लहर से पहले अपने-अपने वार्ड में 10-10 लोगों की एक सूची कर लें, जो जनता को जागरूक करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

ब्लॉक प्रमुखपति जयदेव मलिक ने कहा कि ये जीत मेरी नहीं बल्कि आप सभी की जीत है। उन्होंने कि वे बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराएंगे। भले ही किसी ने वोट दी हो या न दी हो। मेरी ओर से किसी को भी शिकायत का मौका नहीं मिलेगा। मलिक ने कहा कि अगर वे कोई गलत कार्य करते हैं तो उससे नि:संकोच अवगत कराए, उसको मेरे द्वारा सुधारने का प्रयास किया जाएगा।
गठवाला खाप के चौधरी बाबा राजेंद्र मलिक ने कहा कि जयदेव मलिक के साथ समाज का साथ पहले भी रहा है और भविष्य में ही रहेगा। उन्होंने ब्लॉक प्रमुखपति से अच्छे कार्य करने की अपेक्षा की। शपथ ग्रहण समारोह का संचालन बीडीसी डा. प्रवीण कुमार ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुखपति जयदेव मलिक, गठवाला खाप चौधरी बाबा राजेंद्र मलिक, लांक थांबेदार बाबा राजबीर सिंह, लवली मलिक, बिल्लू मलिक, विवेक मलिक, यशपाल पंवार, डा. अनुराग शर्मा आदि उपस्थित रहे।

ऊन: विकास कराकर क्षेत्र का पिछड़ापन किया जाएगा दूर
मंगलवार को ब्लॉक कार्यालय पर आयोजित समारोह में उप जिलाधिकारी मणी अरोरा ने नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख रामपाल सिंह को शपथ दिलाई। उसके बाद ब्लॉेक प्रमुख ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई। क्षेत्र पंचायत की पहली बैठक में ब्लॉक के प्रभारी बीडीओ एवं परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी ने क्षेत्र पंचायत के अंतर्गत आने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। ब्लाक प्रमुख रामपाल सिंह ने कहा कि उन्होंने पूर्व में ब्लाक प्रमुख रहते हुए 22करोड के विकास कार्य कराए थे। इस बार भी क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि सरकार सबका साथ सबका विकास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है जिसके फलस्वरुप क्षेत्र की जनता ने भाजपा प्रत्याशी को निर्विरोध निर्वाचित किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में विकास करा कर पिछड़ापन दूर किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र तोमर, चैनपाल प्रधानपति पिंडोरा, देवेंद्र सिंह, दिनेश गोयल, विजय सिंघल, नवीन प्रधान, अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।

