- आयुष टेलीमेडिसीन का शुभारंभ व 142 योग वेलनेस सेंटर का किया उद्घाटन
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: ऐसा कोई जड़ नहीं जिसमें कोई औषधीय गुण न हो। यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में नवनियुक्त 1065 आयुर्वेद एवं होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरण, पदस्थापना व संवाद कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने प्रदेश के पहले उत्तर प्रदेश आयुष टेलीमेडिसीन का शुभारंभ व 142 योग वेलनेस सेंटर का उद्घाटन भी किया।
नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारी पूरी ईमानदारी व मेहनत से कार्य करें व शोध पर भी विशेष ध्यान दें। उत्तर प्रदेश में योग व वेलनेस सेंटर टूरिज्म डेसटीनेशन बनेगा। उन्होंने बताया कि गत 25 वर्षों में यह सबसे बड़ी नियुक्तियां है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों में से चंदौली, गोरखपुर, मथुरा व महोबा के चिकित्सा अधिकारियों से संवाद किया।
उन्होंने सबसे उनकी योग्यता व उन्होंने क्या-क्या कोर्स किये हैं, इसकी जानकारी ली। वहीं, एनआईसी मेरठ के माध्यम से कार्यक्रम से जुडे सांसद व विधायकों ने मेरठ में नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारी डा. राहुल कुमार को नियुक्ति पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योग व वेलनेस सेंटर टूरिज्म डेस्टीनेशन बनेगा। इसलिए सभी इस पर कार्य करें।
योग एवं व्यायाम में एक सामान्य मूलभूत अंतर होता है। आयुर्वेद व योग के साथ जुड़ना बड़ा पवित्र कार्य है। आपके आसपास औषधियों का भंडार छुपा है उसको पहचानने व उसको उपयोग सही तरीके से करने की आवश्यकता है। डीएम के. बालाजी ने बताया कि उत्तर प्रदेश आयुष टेलीमेडिसिन के प्रथम चरण का शुभारम्भ किया है। यह प्रथम चरण में उत्तर प्रदेश के 16 जिलों के 384 डिस्पेनसरी के माध्यम से व आयुष कवच के माध्यम से चलेगा।
जनपद में अभी आयुर्वेदिक डा. राहुल कुमार की नियुक्ति हुयी है, जिन्हें आज जनप्रतिनिधियों ने नियुक्ति पत्र सौैंपा। इस अवसर पर सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, विधायक कैंट सत्य प्रकाश अग्रवाल, विधायक किठौर सत्यवीर त्यागी, विधायक हस्तिनापुर दिनेश खटीक, डीएम के. बालाजी, एमएलसी प्रतिनिधि राजेश कुमार सिंह, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डा. कमलेश, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी के प्रतिनिधि डा. अजयपाल सिंह व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

