- शहर में आने का सीएम योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम फाइनल, तमाम अफसर तैयारियों में जुटे
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ क्रांतिधरा पर 10 मई शहीद दिवस पर आयेंगे। उनके आने का कार्यक्रम फाइनल हो गया हैं। पूरा दिन सीएम क्रांतिधरा पर मौजूद रहेंगे। तीन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, फिर दोपहर बाद कमिश्नरी सभागार में अफसरों की मंडलीय समीक्षा बैठक भी लेंगे।

सीएम के आगमन से पूर्व पूरी तैयारी में अधिकारी जुट गए हैं। जिन स्थानों पर सीएम जाएंगे, उन स्थानों का कायापलट करने में अधिकारी जुटे हैं। जलीकोठी स्थित शहीद स्मारक पर उनका कार्यक्रम हैं, जिसमें शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। इसी वजह से शहीद स्मारक के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी मेरठ विकास प्राधिकरण को दी गई हैं। शनिवार को एमडीए सचिव अधिकारियों की टीम के साथ शहीद स्मारक स्थल पर पहुंचे तथा वहां पर पौधा रोपण और सौंदर्यीकरण से संबंधित जो भी कार्य होंगे, उनके लिए दिशा निर्देश दिये गए।

यहां पर व्यवस्था चॉक चौबंद रहेगी। खजाने का मुंह एमडीए अधिकारियों ने खोलने के लिए कह दिया हैं। आज सुबह से ही ठेकेदार सौंदर्यीकरण का कार्य आरंभ करेंगे। काम रात-दिन चलेगा। इसके बाद कमिश्नरी आवास चौराहे पर स्थित शहीद धन सिंह कोतवाल पार्क का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा। अब तक यह पार्क उपेक्षा का शिकार था। इसके भी सीएम के आने से दिन बहुरने वाले हैं। इसके सौंदर्यीकरण पर भी बजट खर्च किया जा रहा हैं।

शनिवार को डीएम दीपक मीणा खुद यहां पर पहुंचे तथा कहां क्या किया जाना हैं, उसे डीएम ने निर्देश भी दिये। आज सुबह से ही इस पार्क की भी दशा और दिशा बदल जाएगी। तीसरा स्थल है विक्टोरिया पार्क का स्मारक, जहां पर सीएम पहुंचेंगे। इन तीनों स्थलों को चमकाने का काम शुरू हो गया हैं। अधिकारी पूरी तरह से अलर्ट पर हैं, ताकि सीएम के स्वागत में कहीं चूक नहीं रह जाएं।

शहीद स्मारक पर लाइट एंड शो कार्यक्रम भी किया जाएगा। इसमें शहीदों ने किस तरह से जान की बाजी लगाते हुए देश को आजादी दिलायी, उसका पूरा वर्णन किया जाएगा। तीनों कार्यक्रम के बाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कमिश्नरी सभागार में अफसरों की मंडलीय बैठक लेंगे, जिसमें काम नहीं करने वाले अफसरों का फटकार भी लग सकती हैं। समीक्षा बैठक को लेकर भी सीएम पूरी तैयारी करके आयेंगे।
इसके अलावा मंडल भर के अधिकारियों ने मीटिंग की तैयारी भी कर ली हैं। क्योंकि योगी आदित्यनाथ से समीक्षा बैठक में पहली बार सामना करने अफसर जा रहे हैं। कोरोना काल में सीएम मेरठ आये थे, लेकिन तब अफसरों की मीटिंग नहीं ली थी। इस बार अफसरों की मीटिंग ली जाएगी, जिसमें अफसरों की क्लास भी लग सकती हैं।

