- अंडर ट्रेनिंग सीओ ने अथक प्रयास कर समस्या हल कर दोनों पक्षों को किया संतुष्ट
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: नजीबाबाद थाने में प्रशिक्षण के अपने एक दिन के कार्यकाल में सीओ डा.गणेश कुमार गुप्ता ने एक जटिल समस्या को सुलझा कर अपनी सूझबूझ व कार्य कुशलता का परिचय दिया।
गणेश कुमार गुप्ता ने नजीबाबाद थाने में अपने प्रथम प्रशिक्षण के लिए आने के बाद स्टाफ से परिचय के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह से थाने की कार्यप्रणाली को समझा। इसी दौरान जनवरी माह के प्रथम तहसील दिवस में एक जटिल समस्या से संबंधित प्रार्थना पत्र उनके संज्ञान में आया।
उन्होंने थाना प्रभारी निरीक्षक व एसआई राजेंद्र सिंह राणा के सहयोग से उस प्रार्थनापत्र के निस्तारण के लिए प्रयास किए और संबधित पक्षों को बुलाया। काफी देर तक मंथन करने के पश्चात दोनों पक्षों को संतुष्ट करते हुए प्रार्थना पत्र का निस्तारण कर दिया। उनकी कार्यशैली को लेकर स्टाफ अचंभित हो गया।
नजीबाबाद के मोहल्ला जाटव निवासी अरशद पुत्र स्वर्गीय सलाम का एक जमीन के संबंध में लेनदेन को लेकर राजवीर, वसीम एडवोकेट, अफसार, नसीम, इरशाद आदि से लंबे समय से विवाद चल रहा था जिस को दूर कराने के लिए उसने 19 जनवरी को डीएम व एसपी के समक्ष तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर समस्या के निस्तारण की मांग की थी।
नवागत ट्रेनी सीओ ने कई घंटे की मैराथन बैठक के दौरान दोनों पक्षों को संतुष्ट करते हुए समस्या का निदान करते हुए प्रार्थना पत्र का निस्तारण किया। एसपी कार्यालय बिजनौर से संबद्ध डॉक्टर गणेश कुमार गुप्ता 2016 पीपीएस बैच के हैं। उन्हें प्रथम तैनाती बिजनौर एसपी कार्यालय में मिली है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कर्मभूमि गोरखपुर के मूल निवासी डॉ गणेश कुमार गुप्ता ने जवाहर नवोदय विद्यालय गोरखपुर से इंटर तक शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज लखनऊ से एमबीबीएस की शिक्षा प्राप्त की वह देवरिया के रुद्रपुर में चिकित्सा अधिकारी के पद पर काफी समय तक कार्यरत रहे उन्होंने पुलिस अकैडमी मुरादाबाद से ट्रेनिंग ली है। कोतवाल सत्य प्रकाश सिंह ने ट्रेनी सीओ की कार्यशैली की सराहना की है।

