- शिवधाम और तीर्थ कुंज कॉलोनी का है मामला, पुलिस व दोनों कॉलोनीवासियों के बीच तीखी नोकझोंक
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: शिवधाम और तीर्थ कुंज कॉलोनी का बीते मंगलवार को नंगलाताशी के ग्रामीणों ने दीवार कर कॉलोनी का मुख्य रास्ता रोक दिया था। बुधवार को कॉलोनी के लोगों ने कॉलोनी के मुख्य रास्ते के मेन गेट पर ताला लगाकर बंद कर दिया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे कालोनीवासियों को शांत कराने का प्रयास किया।
कंकरखेड़ा के नंगलाताशी डिवाइडर रोड स्थित शिवधाम और तीर्थ कुंज कॉलोनीवासी बुधवार को इकट्ठा होकर हरेंद्र के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में तीर्थ कुंज व शिवधाम कॉलोनी की महिला और पुरुष डीएम दीपक मीणा से मिले थे।
कॉलोनी की महिलाओं ने डीएम को पूरे मामले की जानकारी दी थी। जिसके बाद दोपहर में दोनों कालोनी के लोग देर शाम इकट्ठा होकर हंगामा करते हुए कालोनी के मेन गेट पर पहुंचे। जहां दूसरे पक्ष के डीलर भी मौजूद थे। जहां दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। हंगाम की सूचना पर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ कालोनी के मेन गेट पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने पर दोनों कॉलोनी के लोगों ने जमकर हंगामा किया और नारेबाजी शुरू कर दी।
पुलिस ने दोनों कॉलोनी के महिलाएं और पुरुषों को समझना का प्रयास किया, लेकिन उसके बाद भी कॉलोनीवासी नहीं माने और कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर बने गेट पर ताला लगाने का प्रयास करने लगे। जिसको लेकर कॉलोनीवासी और पुलिस कर्मियों के बीच जमकर तीखी नोकझों व धक्का-मुक्की भी हुई, लेकिन उसके बाद भी कॉलोनीवासी नहीं माने और उन्होंने मुख्य गेट पर अपना ताला लगा दिया। उसके बाद कॉलोनीवासी मेन गेट के पास पहुंचे और उन्होंने जेसीबी से गड्ढे कर दिए।
वहीं, कॉलोनीवासियों का कहना है कि नंगलाताशी निवासी डीलर कॉलोनी के रास्ते पर दीवार खड़ी कर सकते हैं तो हम भी कॉलोनी के मेन गेट पर ताला जड़ सकते हैं। उधर, प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना कि किसानों ने अपनी जमीन बताकर उस पर दीवार खड़ी कर दी है। कॉलोनीवासियों ने कॉलोनी के गेट पर ताला लगा दिया है और गहरे गड्ढे कर दिए हैं। अगर दोनों पक्ष लड़ाई झगड़ा करेंगे तो दोनों पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खेत में काम कर रहे श्रमिक के पैर में मारी गोली
हस्तिनापुर: थाना क्षेत्र के गांव किशोरपुर के जंगल में खेत में पानी चला रहे युवक से रास्ता पूछने के बाद साथ नहीं चलने से इनकार करने पर अज्ञात लोगों ने पैर में तमंचे से गोली मार दी। पीड़ित 38 वर्षीय चंद्रभान उर्फ गुल्लू पुत्र अतर सिंह गांव में ही महाराज सिंह के यहां पर नौकरी करता है। चंद्रभान बुधवार देर शाम गन्ने की फसल को पानी दे रहा था। घायल चंद्रभान ने बताया कि देर शाम दो अज्ञात व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधकर आए और मखदूमपुर गांव का रास्ता पूछने लगे उसने रास्ता बता दिया। उन्होंने उसे आगे तक अपने साथ चलने के लिए कहा जब उसने मना कर दिया तो उन्होंने तमंचे से उसके पैर में सटाकर गोली मार दी।
जिसमें वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी। जिसके बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी लाया गया। सीएचसी पर उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इस मामले में अभिषेक पटेल ने बताया कि मामला संदिग्ध है। मामले की जांच की जा रही है। चिकित्सको की रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। थाना प्रभारी राम प्रकाश शर्मा ने बताया कि थाने पर इस मामले की अभी तहरीर नहीं दी गई थी। मामला संदिग्ध है जिसकी जांच की जा रही है।
भट्ठा स्वामियों पर 35 लाख की मिट्टी खनन का आरोप
मवाना: क्षेत्र में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद है, इन्हें किसी का डर नहीं है। पीड़ित किसान ने बताया है कि खनन करने वाले भट्ठा स्वामियों ने 35 लाख रुपये की मिट्टी खनन करके चोरी कर ली है। इस मामले की शिकायत खेत मालिकों ने बुधवार को एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारी से मिलकर की है। खेत मालिकों ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। सीओ अभिषेक पटेल ने इस मामले में जांच करा कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी मनिहार निवासी आकाश, इंद्रजीत, राकेश, प्रेम, राकेश, ब्रहमसिंह, विरेन्द्र पाल, गुड्डी व प्रियंका, अमरीश ने एसडीएम और सीओ से मिलकर की गई शिकायत में कहा कि वे कम पढ़े लिखे किसान है, जो अपने हस्ताक्षर बनाने जानते है। उनसे शुभ बिक्र फील्ड स्थित बाइपास निकट तिगरी की बबीता पत्नी सुनील कुमार निवासी मुरादाबाद और बबीता के रिश्तेदार मवाना थाना क्षेत्र के गांव तिगरी निवासी उदित, निलोहा निवासी नितिन धामा को अपनी कृषि भूमि खाता संख्या 00045 खसरा नंबर 6 अ रकबा 2-1650 हेक्टेयर व खसरा नंबर रकबा 0-227080 व खाता नंबर 00141 खसरा नंबर 8 रकबा 1-8800 हेक्टेयर करीब पांच बीघे जमीन राजस्व ग्राम खेड़ी मनिहार की ली थी।
आरोप है कि उक्त तीनों ने 28 हजार रुपये प्रति बीघा के हिसाब से तीन फीट गहराई तक मिट्टी उठाने की बात कही थी। आरोप लगाया कि तीनों लोगों ने बबीता के नाम से एक कूटरचित दस्तावेज 100/ रुपये के स्टाम्प पर बनवाया और मिट्टी उठाने की अनुमति के कागज पर उनके घर आकर हस्ताक्षर करा लिये। उन्होंने शिकायत में कहा कि अनुमति/अनुबंद से अलग उनके खेतों से करीब चार फीट गहराई तक की मिट्टी चोरी कर ली गयी, जिसकी कीमत करीब 35 लाख रुपये बनती है। पीड़ितों ने चोरी की गयी मिट्टी की कीमत करीब 35 लाख रुपये दिलवाने और खेत को समतल कराने की मांग की है।

