जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना वैक्सीन टीकाकरण से पूर्व आज जनपद मे माकड्रिल/ड्राई रन 12 सेशन पर आयोजित हुआ। आयुक्त अनीता सी मेश्राम ने सीएचसी दौराला, एलएलआरएम मेडिकल कालेज में व डीएम के बालाजी ने सीएचसी दौराला व नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जाकिर कालोनी का निरीक्षण कर वहां की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया व आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
उल्लेखनीय है कि जनपद में 18750 प्राईवेट व सरकारी स्वास्थ्यकर्मियों को प्रथम चरण में कोरोना वैक्सीन का टीका लगाया जायेगा, जिसके लिए आज माकड्रिल किया गया। इसके बाद डीएम ने बचत भवन में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सको व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की।

आयुक्त अनीता सी मेश्राम ने बताया कि माकड्रिल के प्रत्येक लोकेशन पर 3 रूम बनाये गये है जिसमें वेटिंग रूम, सेपरेट वैक्सीनेशन रूम व आर्ब्जरवेशन रूम है। उन्होंने सीएचसी दौराला, एलएलआरएम मेडिकल कालेज में उक्त तीनों रूमों का निरीक्षण किया तथा वैक्सीनेटर कार्ड व सुपरविजन फार्म भी देखा।
उन्होंने कहा कि अभी कोरोना के पॉजिटिव मरीजों व मृृत्यु दर में कमी आयी है, लेकिन सावधानी व सतर्कता बनाये रखना अत्यंत आवश्यक है। पॉजिटिव मरीजों की कांटेक्ट ट्रेसिंग ठीक प्रकार से करायी जाये। डीएम के. बालाजी ने बताया कि कोरोना महामारी नियंत्रण के लिए लगाई जाने वाली वैक्सीन के लिए 9750 प्राइवेट व 9000 सरकारी स्वास्थ्यकर्मियों को चिह्नित किया गया है।
इन सभी का डाटा कोविन पोर्टल पर भी अपलोड करा दिया गया है। कोरोना टीकाकरण के लिए मंगलवार को मॉकड्रिल (ड्राई रन) का आयोजन 12 सेशन पर किया गया। इन 12 सेशन में से एलएलआरएम मेडिकल कालेज में 2, सुभारती मेडिकल कालेज में 2, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जाकिर कालोनी में 1 व संतोष नर्सिंग होम हापुड़ रोड में 1 सहित नगरीय क्षेत्र में 6 स्थानों पर मॉकड्रिल आयोजित हुआ तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 6 सेशन हुये।
जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पांचली खुर्द में 2, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दौराला में 2 व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र माछरा में 2 सेशन है। मॉकड्रिल में सभी लोकेशन पर पानी, शौचालय, हाथ धोने की व्यवस्था आदि मिली।
इस अवसर पर सीएमओ डा. अखिलेश मोहन, नगर मजिस्ट्रेट एसके सिंह, एसडीएम सरधना अमित कुमार भारतीय, अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. रेनू गुप्ता, डा. अशोक तालियान, एसीएमओ डा. पूजा शर्मा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. प्रवीण गौतम सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी व अधिकारी उपस्थित रहे।

