- सर्किट हाउस में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने की विकास कार्यों की समीक्षा, विकास कार्य की ली जानकारी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सर्किट हाउस में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा जनपद के विभागीय अधिकारियों ग्राम विकास एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण, खाद्य प्रसंस्करण, मनोरंजन कर, सार्वजनिक उद्यम एवं राष्ट्रीय एकीकरण विभाग के साथ बैठक की गयी। विकास कार्यों की प्रत्येक विभागवार समीक्षा करते हुये की गयी प्रगति के बारे में जानकारी ली गयी।
जनपद में अमृत सरोवर की समीक्षा करते हुये उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर निर्माण में अच्छी प्रगति हुयी है। बाकी बचे हुये अमृत सरोवर के कार्य को पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया जाये तथा समस्त अमृत सरोवरो का आधुनिक सुविधाओं के साथ सौंदर्यीकरण किया जाये तथा अमृत सरोवर में बोटिंग के कार्य को भी आगे बढ़ाया जाये।
जनपद में फूड प्रोसेसिंग की प्रगति की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया गया कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्रशिक्षित किया जाये। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से एक तरफ जहां लोगों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध होंगे तो वहीं इस नवीन उद्योग को और अधिक विस्तार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स, ज्वैलरी, फूड प्रोसेसिंग आदि मेरठ के अंतर्गत ऐसे उद्योग है जिसमें बहुत बड़ी संख्या में श्रमिकों के लिए रोजगार उपलब्ध कराये जा सकते हैं तथा अपनी पहचान के अनुरूप इसे और आगे बढ़ाते हुये व्यापक रूप प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उद्यम, उद्यमी, रोजगार को विस्तार देना सरकार की प्राथमिकता में है।
अधिकारी इसको गहनता से लेते हुये और कैसे विकसित किया जा सकता है कार्रवाई करें। प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन परियोजनाओं को पूरा किये जाने के लिए संबंधित को निर्देश दिये गये। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा रोजगार मेले तथा स्थानीय स्तर पर किये जा रहे विकास कार्यों को विस्तृत रूप से बताया।
इस पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ दिल्ली के नजदीक है तथा यहां पर अच्छा माहौल है जिसके अंतर्गत विकास के प्रत्येक क्षेत्र में नये आयाम स्थापित करने की अपार संभावनाएं है। जनपद में किये जा रहे विभिन्न नवाचार की उप मुख्यमंत्री द्वारा सराहना की गयी।
सांत्वना देने दिनेश खटीक के घर पहुंचे डिप्टी सीएम
गंगानगर: बुधवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गंगानगर के राजेंद्र पुरम स्थित जल शक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक आवास पर सांत्वना देने के लिए पहुंचे। बीते बुधवार को राज्य मंत्री दिनेश खटीक की माता सरोज देवी का कैंसर की बीमारी के चलते निधन हो गया था।
बुधवार को मेरठ दौरे पर आए केशव प्रसाद मौर्य सबसे पहले दिनेश खटीक के आवास पर पहुंचे उनकी माता सरोज देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद दिनेश खटीक के पिता देवेंद्र कुमार व भाई नितिन खटीक जिला पंचायत सदस्य से मिले और सांत्वना दी। उप मुख्यमंत्री की मुलाकात के दौरान दिनेश खटीक अपनी मां की बातों को बताते हुए भावुक हो गए। जिसके बाद केशव प्रसाद मौर्य ने राज्यमंत्री ढांढस से बनाया।

इस मौके पर मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, जिला अध्यक्ष विमल शर्मा, भाजपा नेता हेमंत कसाना, अजीत अम्हेड़ा, मोनू कुनकुरा, अशोक विकल, नीटू चौधरी, वीरेंद्र कुमार, अरुण देव सैनी, चरण सिंह लिसाड़ी, समय सिंह सैनी, मीनल गौतम आदि मौजूद रहे।
नहीं बचेंगे सड़क निर्माण घोटाले के दोषी
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बातीचीत के दौरान नगर निगम के सड़क निर्माण घोटाले पर सख्त रवैया अपनाते हुए कहा कि सड़क निर्माण घोटाले के दोषियों को कोई बचा नही पाएगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारियों की फाइल पर लखनऊ स्तर से प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी सड़क निर्माण घोटाले के दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त एक्शन होगा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि योगीराज में भ्रष्टाचारियों की कोई जगह नहीं है। बताते चलें कि सितंबर माह में प्रकाश में आए एक मामले के अनुसार 15वें वित्त आयोग के तहत टीपी नगर स्थित गुप्ता कॉलोनी में 295 मीटर सड़क निर्माण होना था, लेकिन टेंडर 295 के बजाय 600 मीटर का जारी किया गया। इतना ही नहीं, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के कुछ कर्मचारियों ने मिलकर सड़क का बजट भी डेढ़ करोड़ से ज्यादा का बना दिया।
इसके अलावा नगर निगम बोर्ड की बैठक में भाजपा पार्षदों ने नाले की दीवार और सड़क निर्माण समेत कई मामलों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी होने का आरोप लगाते हुए पोस्टर लहराए थे। भाजपा पार्षदों ने इस मामले को भी लखनऊ स्तर तक पहुंचाने की घोषणा की थी।
नहीं मिले डिप्टी सीएम, भाजपाइयों का बवाल
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य जब मेरठ सर्किट हाउस में पहुंचे तो कुछ ऐसे लोगों से घिर गए, जिनका भाजपा से कोई लेना-देना नहीं रहा। भाजपा के मंडल अध्यक्ष और तमाम नेताओं को डिप्टी सीएम से मिलने नहीं दिया। डिप्टी सीएम कक्ष में थे, बाहर भाजपा नेता हंगामा कर रहे थे। पहली बार अनुशासित कही जाने वाली भाजपा में भी नेताओं और कार्यकर्ताओं को उबाल खाते हुए देखा।
इसके बाद भाजपा नेता भड़क गए। भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री इंद्रपाल बजरंगी भी डिप्टी सीएम पर खूब भड़के। उनका ये वीडियो भी वायरल हो गया। उनके दो वीडियो वायरल हुए हैं, जिसमें वो कह रहे हैं कि भाजपा के लोगों को डिप्टी सीएम से नहीं मिलने दिया जा रहा है तथा ऐसे लोगों को डिप्टी सीएम के पास जाने दिया, जिनका भाजपा से कोई वास्ता नहीं हैं। करीब 15 मिनट सर्किट हाउस में गहमा-गहमी का माहौल बना रहा।
भाजपा क्षेत्रीय संगठन और जिला संगठन के पदाधिकारियों को भी सर्किट हाउस में डिप्टी सीएम से मिलने के लिए एंट्री नहीं मिली। हंगामा भी खूब किया, लेकिन इन भाजपाइयों की किसी ने एक नहीं सुनी। शोर-शराबा करने के बाद गुस्से में भाजपा नेता सर्किट हाउस को छोड़कर चले गए।
शत-प्रतिशत जीत दर्ज करेगी भाजपा निकाय चुनावों में
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कहना है किभाजपा के साथ आमजन जुड़ा हुआ है और इस बार भी भाजपा शत प्रतिशत जीत दर्ज करेगी। उपमुख्यमंत्री मौर्य ने मदरसों में चल रही गड़बड़ियों के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा कि प्रदेश में चल रही मदरसों की जांच रिपोर्ट सरकार को प्राप्त हो रही है।
अवैध रूप से चलने वाले मदरसों को सुधार करना होगा, क्योंकि यह बच्चों की शिक्षा से जुड़ा हुआ मामला है।भ्रष्टाचार को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे ज्यादा कार्रवाई भ्रष्टाचारियों पर भाजपा की सरकार में हुई है। नगर निगम में हुए सड़क घोटाले के सवाल पर उन्होंने कहा कि लखनऊ में कोई फाइल नहीं रोकी जाती, शीघ्र ही संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाएगी।
जयंत चौधरी द्वारा विधायक विक्रम सिंह सैनी पर कार्रवाई की मांग को लेकर लिखे गए पत्र पर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी मुझे पत्र के संबंध में जानकारी नहीं है, लेकिन न्यायालय और कानून अपना काम करेगा। निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के साथ आमजन जुड़ा हुआ है और इस बार भी भाजपा शत प्रतिशत जीत दर्ज करेगी।

